कर्नाटक : 100% एथेनॉल ईंधन के उपयोग को मंजूरी मिलने से गन्ना किसानों में खुशी

मैसूरु : केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल के विकल्प के रूप में 100 प्रतिशत एथेनॉल ईंधन के उपयोग को अनुमति दिए जाने के फैसले का कर्नाटक राज्य गन्ना उत्पादक संघ ने स्वागत किया है। संघ का कहना है कि, यह निर्णय किसानों की लगभग दो दशक पुरानी मांग को पूरा करता है। संघ के अध्यक्ष कुरुबुर शांताकुमार ने बताया कि, वर्ष 2006 में मैसूरु में आयोजित दक्षिण भारत किसान सम्मेलन में प्रतिनिधियों ने एक प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से गन्ने से एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने और इसे ईंधन के रूप में उपयोग की अनुमति देने की मांग की थी। सम्मेलन में यह तर्क दिया गया था कि, बड़े पैमाने पर एथेनॉल के उपयोग से भारत का ईंधन आयात खर्च काफी कम हो सकता है और विदेशी मुद्रा की बड़ी बचत संभव है। किसान संगठनों ने वर्षों तक इस मांग को लगातार उठाया और केंद्र सरकार का यह फैसला उनके लंबे संघर्ष का परिणाम है।

शांताकुमार ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि, एथेनॉल के व्यापक उपयोग से देश को विदेशी मुद्रा में लगभग 22 लाख करोड़ रुपये तक की बचत हो सकती है। उन्होंने कहा कि, नई नीति से गन्ना और मक्का उत्पादक किसानों के लिए नए अवसर पैदा होंगे, क्योंकि एथेनॉल उत्पादन बढ़ाने की दिशा में उनकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाएगी। संघ का मानना है कि, इस फैसले से एथेनॉल उत्पादन करने वाली फैक्ट्रियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर और लाभकारी मूल्य मिलने की संभावना है।

ChiniMandi WhatsApp Channel
Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here