कोल्हापुर: जिले के पन्हाला तालुका के पहाड़ी इलाकों में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियां किसानों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही हैं। गर्मियों में जंगली गौर और बंदरों, जबकि मानसून के दौरान जंगली सूअरों द्वारा बड़े पैमाने पर फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने से किसान परेशान हैं। लगातार हो रहे नुकसान, अपर्याप्त और देरी से मिलने वाले मुआवजे तथा वन विभाग की कथित उदासीनता के कारण किसान नाराज है। पिछले एक सप्ताह से पन्हालागढ़ की पहाड़ी से सटे खेतों में जंगली सूअरों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। इसके चलते गन्ने सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
किसानों के अनुसार, एक ही खेत या क्षेत्र में एक बार मुआवजा मिलने के बाद उसी क्षेत्र के लिए दोबारा मुआवजा नहीं दिया जाता, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं वन्यजीवों द्वारा फसलों को पहुंचाए गए नुकसान का समय पर पंचनामा नहीं किया जाता और मुआवजा मिलने में भी काफी देरी होती है। इसी वजह से किसान अब केवल मुआवजे की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि वन्यजीवों से होने वाले नुकसान का स्थायी समाधान करने की मांग कर रहे हैं।
खेती की लागत लगातार बढ़ रही है और बार-बार होने वाले नुकसान के कारण खेती अब किसानों के लिए आर्थिक रूप से मुश्किल होती जा रही है। कई किसान खेती छोड़ने तक की मानसिक स्थिति में पहुंच गए हैं। पन्हाला क्षेत्र में करीब 25 एकड़ गन्ने की फसल को जंगली सूअरों ने भारी नुकसान पहुंचाया है। गर्मियों में जंगली गौर और बंदरों तथा मानसून में जंगली सूअरों के झुंड के कारण पूरे साल फसलों को नुकसान होता रहता है। इस लगातार संकट के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले किसानों का जीवन कठिन हो गया है।


















