हनोई: वियतनाम ने सबसे अधिक इस्तेमाल किए जाने वाले पेट्रोल ग्रेड में अनिवार्य E10 पेट्रोल की देशव्यापी शुरुआत पूरी कर ली है। इस कदम से देश में हर साल करीब 240 मिलियन गैलन एथेनॉल की मांग पैदा होने की उम्मीद है।यह नीति जून 2026 में सभी शहरी क्षेत्रों में लागू हुई। यह 2018 में शुरू की गई E5 RON92 पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की नीति का विस्तार है। नए बदलाव के बाद वियतनाम में बेचे जाने वाले सभी पेट्रोल ग्रेड में इथेनॉल मिश्रण होगा।
यूएस ग्रेन्स एंड बायोप्रोडक्ट्स काउंसिल (USGBC) के अनुसार, आने वाले वर्षों में वियतनाम में एथेनॉल की मांग घरेलू उत्पादन क्षमता से अधिक हो सकती है। इससे अमेरिका सहित अन्य देशों से एथेनॉल आयात के अवसर बढ़ने की संभावना है।USGBC ने वियतनाम में अमेरिकी कृषि विभाग की फॉरेन एग्रीकल्चरल सर्विस के साथ मिलकर सात वर्षों तक इस नीति को विकसित करने में सहयोग किया।इस दौरान तकनीकी और नीतिगत कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इसके अलावा वियतनामी नियामकों के लिए अध्ययन दौरे और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधिमंडलों के वियतनाम दौरे भी आयोजित किए गए।
USGBC के अनुसार, E10 नीति की घोषणा के बाद से वियतनाम को अमेरिकी कॉर्न एथेनॉल का 16.1 मिलियन गैलन निर्यात किया जा चुका है। इसकी कुल कीमत करीब 3.2 करोड़ डॉलर रही।परिषद के अनुसार, इन निर्यात गतिविधियों को 2025 में अमेरिकी मार्केट एक्सेस प्रोग्राम और रीजनल एग्रीकल्चरल प्रमोशन प्रोग्राम के तहत किए गए 52,768 डॉलर के निवेश से भी समर्थन मिला। इससे निवेश किए गए प्रत्येक एक डॉलर पर करीब 606 डॉलर का रिटर्न प्राप्त हुआ।
वियतनाम में E10 पेट्रोल के पूरी तरह लागू होने से एथेनॉल की मांग में लगातार वृद्धि होने की उम्मीद है। देश जैसे-जैसे पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण का स्तर बढ़ाएगा और घरेलू उत्पादन मांग को पूरा करने में अपर्याप्त रहेगा, वैसे-वैसे आयातित एथेनॉल पर निर्भरता बढ़ सकती है।इस कदम से वियतनाम के ईंधन क्षेत्र में एथेनॉल की भूमिका मजबूत होने के साथ-साथ वैश्विक एथेनॉल व्यापार और कॉर्न आधारित एथेनॉल बाजार के लिए भी नए अवसर पैदा होने की संभावना है।


















