ट्रकों के लिए डीजल से 42% सस्ता एलएनजी, उद्योग ने सरकार से एथेनॉल जैसी नीति समर्थन की मांग की

नई दिल्ली: भारत के माल परिवहन क्षेत्र में बढ़ती ईंधन लागत के बीच एलएनजी (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) लंबी दूरी के ट्रकों के लिए एक सस्ता विकल्प बनकर उभर रहा है। द हिंदू बिजनेसलाइन में प्रकाशित खबर के अनुसार, मौजूदा कीमतों के हिसाब से एलएनजी पर ट्रक चलाना डीजल की तुलना में करीब 42 प्रतिशत सस्ता पड़ रहा है। वहीं यह सीएनजी से भी किफायती साबित हो रहा है। उद्योग जगत का कहना है कि, जहां सरकार ने एथेनॉल क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए हजारों करोड़ रुपये की सहायता दी, वहीं एलएनजी परिवहन ढांचे को अब तक वैसा समर्थन नहीं मिला है। इसी को लेकर उद्योग ने सरकार से एलएनजी के लिए भी एथेनॉल जैसी नीति और प्रोत्साहन देने की मांग की है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, 1 किलो एलएनजी से जितना परिवहन कार्य किया जा सकता है, उसी काम के लिए डीजल पर काफी अधिक खर्च आता है। सीएनजी की तुलना में भी एलएनजी की लागत कम है, जिससे लंबी दूरी की ढुलाई करने वाले वाहन मालिकों के लिए यह अधिक लाभकारी बन रहा है। उद्योग का मानना है कि, एलएनजी को अपनाने में सबसे बड़ी बाधा इसकी कीमत नहीं बल्कि रिफ्यूलिंग स्टेशन और बुनियादी ढांचे की कमी है। यदि देशभर में पर्याप्त एलएनजी स्टेशन विकसित किए जाएं और नीति में स्पष्टता मिले, तो ट्रक ऑपरेटर तेजी से एलएनजी की ओर बढ़ सकते हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

हाल के महीनों में कई बड़े शहरों में सीएनजी कीमतों में बढ़ोतरी के बाद एलएनजी की लागत बढ़त और मजबूत हुई है। इसके अलावा एलएनजी ट्रक एक बार ईंधन भरने पर लंबी दूरी तय कर सकते हैं, जबकि सीएनजी ट्रकों को बार-बार ईंधन भरवाने की जरूरत पड़ती है। उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि, भारत के कुल घरेलू माल परिवहन का बड़ा हिस्सा सड़क मार्ग से होता है। ऐसे में डीजल महंगा होने का असर लॉजिस्टिक्स लागत, विनिर्माण, कृषि, एफएमसीजी और उपभोक्ता कीमतों तक पहुंचता है। इसलिए एलएनजी को बढ़ावा देना देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी फायदेमंद हो सकता है।

कंपनियों का यह भी कहना है कि भारत के पास कच्चे तेल की तरह एलएनजी का रणनीतिक भंडार नहीं है। ऐसे में छोटे एलएनजी टर्मिनल और स्टोरेज नेटवर्क तैयार कर ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत किया जा सकता है। उद्योग का मानना है कि एलएनजी सिर्फ डीजल का विकल्प नहीं है, बल्कि यह भारत को अधिक मजबूत, किफायती और भविष्य के लिए तैयार ऊर्जा व्यवस्था बनाने का अवसर देता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here