उत्तराखंड में मशीन से होगी गन्ने की कटाई, यूपी से आएगा केन हार्वेस्टर

काशीपुर : तराई क्षेत्र के गन्ना किसानों के सामने इस समय सबसे बड़ी समस्या गन्ने की छिलाई और कटाई के लिए मजदूरों की कमी बन गई है। बढ़ती मजदूरी और श्रमिक संकट के चलते किसान अब धीरे-धीरे गन्ने की खेती से दूरी बनाने लगे हैं। किसानों की इसी परेशानी को देखते हुए उत्तराखंड गन्ना विभाग ने अब केन हार्वेस्टर मशीन से गन्ने की कटाई की योजना तैयार की है। इसके तहत पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से आधुनिक हार्वेस्टर मशीन मंगाकर ट्रायल किया जाएगा, ताकि आगामी पेराई सत्र में किसानों को राहत मिल सके।

तराई क्षेत्र में गन्ना किसानों की मुख्य नकदी फसल मानी जाती है, क्योंकि इसका भुगतान सीधे नकद रूप में मिलता है। पहले ग्रामीण लोग मजदूरी के बदले गन्ने का अगोला लेकर छिलाई का काम कर देते थे, जिससे उनके पशुओं के लिए हरा चारा भी उपलब्ध हो जाता था। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में पशुपालन कम होने और मजदूरों की बढ़ती मांग के कारण यह व्यवस्था लगभग समाप्त हो चुकी है। अब सीजन के दौरान मजदूर मिलना भी मुश्किल हो गया है।गन्ने की बुवाई, कटाई और छिलाई में आ रही दिक्कतों के कारण किसान अब धान और गेहूं जैसी पारंपरिक फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। धान की खेती में डीएसआर तकनीक और कटाई में कंबाइन हार्वेस्टर के उपयोग से किसानों को कम मेहनत और कम लागत में फायदा मिल रहा है। यही वजह है कि गन्ने का रकबा लगातार घट रहा है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

केन हार्वेस्टर से किसानों को होंगे बड़े फायदे

मशीन एक घंटे में 100 से 150 क्विंटल तक गन्ने की कटाई और छिलाई कर सकती है। श्रमिकों की कमी और मनमानी मजदूरी से राहत मिलेगी। कटाई तेज होने से चीनी मिलों तक समय पर गन्ना पहुंचेगा और वजन कम होने का नुकसान नहीं होगा। कटाई के बाद खेतों में बचा अगोला पशुओं के चारे के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा। राज्य में लगभग 94 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती होती है, जिसमें ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार सबसे अधिक उत्पादन वाले जिले हैं। गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने ‘अमर उजाला’ को बताया कि, उत्तर प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड में भी केन हार्वेस्टर मशीन से गन्ना कटाई को बढ़ावा देने की तैयारी की जा रही है। किसानों से लगातार चर्चा की जा रही है और जल्द ही मशीन का ट्रायल शुरू होगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here