गुना: गुना जिले में पिछले 5-6 वर्षों से बंद पड़ी नारायणपुरा शुगर फैक्ट्री को दोबारा शुरू कराने की कवायद तेज हो गई है। फैक्ट्री बंद होने के कारण सैकड़ों मजदूर बेरोजगारी का सामना कर रहे थे। अब जिला प्रशासन के सक्रिय होने से फैक्ट्री के पुनः संचालन की उम्मीद जगी है, जिससे लंबे समय से रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे मजदूरों के चेहरों पर खुशी लौटने की संभावना है। जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बुधवार को नारायणपुरा शुगर फैक्ट्री का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध संसाधनों और तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फैक्ट्री को दोबारा शुरू करने की सभी संभावनाओं का गंभीरता से परीक्षण करते हुए एक सप्ताह के भीतर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत की जाए।
कार्यालय से उत्पादन इकाई तक किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सबसे पहले फैक्ट्री के कार्यालय का अवलोकन किया और अभिलेखों व प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने फैक्ट्री में पूर्व में कार्यरत कर्मचारियों से भी बातचीत कर संचालन व्यवस्था, उत्पादन क्षमता और मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसके बाद कलेक्टर ने फैक्ट्री परिसर का भ्रमण करते हुए उत्पादन इकाई, विभिन्न मशीनों और पावर हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तकनीकी व्यवस्थाओं और मशीनरी की स्थिति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
फैक्ट्री शुरू करने के लिए दो विकल्पों पर होगा अध्ययन
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि फैक्ट्री को दोबारा शुरू करने के लिए मुख्य रूप से दो विकल्पों पर विचार किया जा सकता है। पहला विकल्प मौजूदा मशीनों और उपलब्ध संसाधनों का पुनरुद्धार कर फैक्ट्री का संचालन शुरू करना है। वहीं दूसरा विकल्प आधुनिक तकनीक के अनुरूप नए सिरे से संयंत्र स्थापित कर फैक्ट्री का संचालन शुरू करना है। उन्होंने अधिकारियों को दोनों विकल्पों की तकनीकी और आर्थिक व्यवहार्यता का अध्ययन कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
एक सप्ताह में तैयार होगी कार्ययोजना
कलेक्टर ने जिला पंजीयक सहकारी संस्थाएं (डीआरसीएस) को निर्देशित किया कि सभी संबंधित विभागों के समन्वय से एक सप्ताह के भीतर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत की जाए। इसके आधार पर फैक्ट्री के पुनर्जीवन की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि नारायणपुरा शुगर फैक्ट्री से कभी सैकड़ों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई थी। फैक्ट्री के दोबारा शुरू होने की संभावना से कर्मचारियों और मजदूरों को रोजगार की नई उम्मीद मिली है। इसके साथ ही फैक्ट्री के संचालन से जिले की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।


















