मध्य प्रदेश : सनब्रिज बायोएनर्जी ने सिवनी प्लांट में 300 KLD एथेनॉल का व्यावसायिक उत्पादन किया शुरू

भोपाल / बेंगलुरु: सनब्रिज ग्रुप की बायोएनर्जी इकाई सनब्रिज बायोएनर्जी लिमिटेड ने मध्य प्रदेश के सिवनी स्थित अपने अनाज आधारित ईंधन एथेनॉल प्लांट में व्यावसायिक उत्पादन शुरू कर दिया है। द हिंदू बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के अनुसार, यह प्लांट कंपनी के बायोएनर्जी कारोबार के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी के अनुसार, सिवनी स्थित प्लांट की एथेनॉल उत्पादन क्षमता 300 किलोलीटर प्रतिदिन (KLD) है, जबकि इसकी भंडारण क्षमता 11,000 किलोलीटर है। यह प्लांट करीब 1,17,560 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैला हुआ है।

कुल एथेनॉल क्षमता 700 KLD तक पहुंचने की उम्मीद

ChiniMandi WhatsApp Channel

सनब्रिज बायोएनर्जी अपनी एथेनॉल उत्पादन क्षमता का लगातार विस्तार कर रही है। छत्तीसगढ़ के रायपुर में प्रस्तावित 400 KLD क्षमता वाला संयंत्र चालू होने के बाद कंपनी की कुल एथेनॉल उत्पादन क्षमता बढ़कर 700 KLD तक पहुंचने की उम्मीद है। सिवनी प्लांट को एथेनॉल उत्पादन के दौरान संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए डिजाइन किया गया है। यहां एथेनॉल के साथ अन्य उत्पादों का भी उत्पादन होगा, जिनमें डिस्टिलर्स ड्राइड ग्रेन्स विद सॉल्यूबल्स (DDGS) और डिस्टिलर्स कॉर्न ऑयल (DCO) शामिल हैं।इन उत्पादों का मुख्य रूप से पोल्ट्री और पशुओं के चारे के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।

पानी के पुन: उपयोग की व्यवस्था

प्लांट में पानी की रिकवरी और पुन: उपयोग के लिए विशेष प्रणालियां स्थापित की गई हैं। यहां जीरो लिक्विड डिस्चार्ज (ZLD) प्रणाली के तहत संचालन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पानी की बर्बादी को कम करना और प्राकृतिक संसाधनों का अधिक प्रभावी तरीके से इस्तेमाल करना है। सनब्रिज ग्रुप के संस्थापक एवं चेयरमैन अनुज अग्रवाल ने कहा कि सिवनी प्लांट में एथेनॉल उत्पादन की शुरुआत कंपनी के बायोएनर्जी कारोबार के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि, कंपनी का लक्ष्य एक ऐसा स्केलेबल बायोएनर्जी प्लेटफॉर्म तैयार करना है, जिसमें ऊर्जा और संसाधनों के कुशल उपयोग के साथ किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए बेहतर मूल्य सृजित किया जा सके।अग्रवाल के अनुसार, सिवनी संयंत्र इस यात्रा की शुरुआत है। भारत में बायोएनर्जी क्षेत्र के विकास के साथ कंपनी को इस क्षेत्र में विस्तार की बड़ी संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। साथ ही, यह पहल टिकाऊ ऊर्जा की ओर बढ़ने और जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करने में भी योगदान दे सकती है।

खराब अनाज से तैयार किया जाता है ईंधन-ग्रेड एथेनॉल

सनब्रिज बायोएनर्जी क्षतिग्रस्त खाद्यान्न, जिसमें मक्का और टूटे हुए चावल शामिल हैं, का इस्तेमाल कर ईंधन-ग्रेड एथेनॉल का उत्पादन करती है। कंपनी के अनुसार, इस अनाज आधारित उत्पादन प्रक्रिया से किसानों और ग्रामीण समुदायों को भी लाभ मिलता है, क्योंकि इसमें ऐसे क्षतिग्रस्त और टूटे चावल का इस्तेमाल किया जाता है जो मानव उपभोग के लिए उपयुक्त नहीं होते।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here