मगध शुगर एंड एनर्जी के शेयरधारकों ने 125% लाभांश को दी मंजूरी, नए स्वतंत्र निदेशक की नियुक्ति भी स्वीकृत

नई दिल्ली: मगध शुगर एंड एनर्जी लिमिटेड के शेयरधारकों ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 125 प्रतिशत लाभांश (डिविडेंड) को मंजूरी दे दी है। साथ ही कंपनी की 12वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में एक नए स्वतंत्र निदेशक (इंडिपेंडेंट डायरेक्टर) की नियुक्ति को भी स्वीकृति प्रदान की गई। यह बैठक बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई।

स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के अनुसार, कंपनी के निदेशक मंडल के अध्यक्ष चंद्र शेखर नोपानी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में 56 सदस्य शामिल हुए और बैठक सुबह 11:45 बजे संपन्न हुई। एजीएम नोटिस में शामिल सभी प्रस्ताव रिमोट ई-वोटिंग और बैठक के दौरान मतदान के माध्यम से आवश्यक बहुमत से पारित किए गए।

ChiniMandi WhatsApp Channel

बैठक में 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्तीय वर्ष के लिए कंपनी के ऑडिट किए गए वित्तीय विवरण, निदेशक मंडल की रिपोर्ट और लेखा परीक्षकों (ऑडिटर्स) की रिपोर्ट को मंजूरी दी गई। कंपनी ने बताया कि, ऑडिटर्स की रिपोर्ट में कोई प्रतिकूल टिप्पणी, आपत्ति या आरक्षण दर्ज नहीं किया गया है।

शेयरधारकों ने प्रति इक्विटी शेयर 12.50 रुपये के लाभांश को मंजूरी दी, जो शेयर के अंकित मूल्य का 125 प्रतिशत है। इसके अलावा, पंकज सिंह को पुनः निदेशक नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई, जो नियमानुसार रोटेशन के आधार पर सेवानिवृत्त होकर पुनर्नियुक्त हुए हैं।

विशेष प्रस्तावों के तहत, राजन अरविंद दलाल को 11 मई 2026 से 10 मई 2031 तक पांच वर्ष की अवधि के लिए स्वतंत्र निदेशक नियुक्त करने की मंजूरी दी गई। साथ ही वित्त वर्ष 2026-27 के लिए डी राधाकृष्णन एंड कंपनी को लागत लेखा परीक्षक (कॉस्ट ऑडिटर) के रूप में देय पारिश्रमिक को भी अनुमोदित किया गया।

बैठक के दौरान उपस्थित शेयरधारकों को अपने प्रश्न रखने का अवसर दिया गया, जिनका अध्यक्ष ने कार्यवाही के दौरान उत्तर दिया। कंपनी ने बताया कि ई-वोटिंग के समेकित परिणाम और स्क्रूटिनाइज़र की रिपोर्ट एजीएम समाप्त होने के दो कार्यदिवसों के भीतर कंपनी की वेबसाइट तथा एनएसडीएल, एनएसई और बीएसई की वेबसाइटों पर प्रकाशित किए जाएंगे।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here