महाराष्ट्र : परिवहन ठेकेदारों के नाम पर बैंकों से लोन लेने के आरोपों में घिरी 150 चीनी मिलें, चीनी उद्योग में मची हलचल

कोल्हापुर: आगामी पेराई सत्र शुरू होने से पहले गन्ना कटाई और परिवहन के लिए परिवहन ठेकेदारों से किए जाने वाले अनुबंधों को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। महाराष्ट्र राज्य ऊस वाहतूकदार शेतकरी संघटना (महाराष्ट्र राज्य गन्ना परिवहनकर्ता किसान संगठन) ने दावा किया है कि, राज्य की करीब 150 निजी और सहकारी चीनी मिलों ने गन्ना परिवहन ठेकेदारों के दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर उनके नाम पर मुद्रा ऋण योजना के तहत कर्ज लिया है।

संगठन का आरोप है कि, चीनी मिल प्रबंधन ने गन्ना कटाई और परिवहन अनुबंध के दौरान परिवहन ठेकेदारों से प्राप्त दस्तावेजों का दुरुपयोग किया है। इस कथित मामले में कई प्रतिष्ठित बैंकों के अधिकारियों की मिलीभगत से सरकार और परिवहन ठेकेदार दोनों को धोखा दिया गया है। संगठन के संस्थापक एवं अध्यक्ष राजगोंड ने आरोप लगाया कि, कुछ बैंक अधिकारियों और चीनी मिल प्रबंधन की सांठगांठ से यह कथित वित्तीय अनियमितता हुई है। इस खुलासे के बाद चीनी उद्योग से जुड़े सभी पक्षों में चिंता और भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

कार्रवाई की मांग को लेकर संगठन ने कोल्हापुर जिलाधिकारी कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन अन्नत्याग आंदोलन शुरू कर दिया है। संगठन ने जिलाधिकारी विजय राठोड को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि संबंधित चीनी मिलों के अध्यक्षों, प्रबंध निदेशकों, कृषि अधिकारियों और कथित रूप से शामिल बैंक अधिकारियों के खिलाफ आर्थिक धोखाधड़ी के मामले दर्ज किए जाएं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे आगामी गन्ना पेराई सत्र शुरू नहीं होने देंगे।

कथित घोटाले का वास्तविक आकार कितना बड़ा है, इसके लिए कौन जिम्मेदार है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होगी, इस बारे में चीनी मिल संगठनों और संबंधित संस्थाओं को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। यदि इस तरह की अनियमितताओं पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इसका असर आगामी गन्ना पेराई सत्र पर पड़ सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here