महाराष्ट्र : गन्ना कटाई के लिए किसानों से पैसे मांगे तो होगी कार्रवाई, चीनी आयुक्त ने मिलों को दिए सख्त निर्देश

पुणे: गन्ना कटाई के लिए मजदूर, मुकादम (मजदूरों के ठेकेदार) या परिवहन ठेकेदार द्वारा किसानों से पैसे की मांग किए जाने पर उचित कार्रवाई करने के निर्देश चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने सभी चीनी मिलों को दिए हैं। किसानों की ओर से शिकायत मिलने पर उसका सात दिनों के भीतर निवारण किया जाए। यदि मिलों के कार्यकारी निदेशक या महाप्रबंधक को शिकायत में तथ्य मिलता है, तो संबंधित राशि मजदूर, मुकादम अथवा परिवहन ठेकेदार के बिल से वसूल कर संबंधित किसान को वापस दी जाए, यह स्पष्ट निर्देश भी आयुक्त ने दिए हैं।

चीनी आयुक्त ने 27 अगस्त को एक परिपत्र जारी किया है, जिसमें कार्रवाई से संबंधित दिशा-निर्देश स्पष्ट किए गए हैं। गन्ना कटाई के दौरान मजदूर, मुकादम और परिवहन ठेकेदार किसानों से कई तरह के कारण बताते हुए नकद पैसे, अन्य वस्तुओं या सेवाओं की मांग करते हैं। इनमें फसल अच्छी नहीं है, गन्ना खराब है, गन्ना खेत में गिरा हुआ है, गन्ने का क्षेत्र कठिन है अथवा गन्ना काटना आर्थिक रूप से संभव नहीं है, जैसे कारण बताए जाते हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

किसानों द्वारा मजदूरों और मुकादम की मांग के अनुसार पैसे नहीं दिए जाने पर गन्ना कटाई में टालमटोल किए जाने की शिकायतें गन्ना उत्पादक किसानों की ओर से बार-बार सामने आ रही थीं। इसी पृष्ठभूमि में चीनी आयुक्त की ओर से ये निर्देश जारी किए गए हैं। आयुक्त ने किसानों से अपील की है कि उन्हें अपना गन्ना कारखाने में पेराई के लिए लिया जाएगा या नहीं, इसको लेकर आशंका होने पर गन्ने की जल्द पेराई कराने के लिए किसी अनुचित तरीके का सहारा न लें।

… ‘इस’ तरह रोका जाए किसानों का आर्थिक शोषण

सभी चीनी मिलें सार्वजनिक सूचना जारी कर ऐसे मामलों में होने वाले गैरकानूनी लेन-देन और अनियमितताओं पर रोक लगाएं।

किसानों की शिकायतों के लिए मोबाइल फोन और व्हाट्सऐप नंबर जारी किए जाएं।

सभी सहकारी चीनी मिलों के कार्यकारी निदेशक तथा निजी मिलों के महाप्रबंधक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्राप्त शिकायतों के निवारण को प्राथमिकता दें।

शिकायतों के निवारण के लिए कारखानों द्वारा कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी को शिकायत निवारण अधिकारी नियुक्त किया जाए।

शिकायत निवारण अधिकारी का नाम और संपर्क मोबाइल नंबर गन्ना कटाई वाले गांवों में मिल के गट कार्यालय तथा ग्राम पंचायत के सूचना बोर्ड पर प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए।

किसानों को घटना होने के तुरंत बाद चीनी कारखाने में लिखित शिकायत दर्ज कर उसकी प्राप्ति अवश्य लेनी चाहिए।

चालू गन्ना पेराई सत्र में गन्ना कटाई के लिए किसानों की आर्थिक पिळवणूक न हो, इसके लिए सभी चीनी मिलें आवश्यक सतर्कता बरतें।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here