महाराष्ट्र : ‘आदिनाथ’ का संघर्ष खत्म, नए अध्याय की शुरुआत; ओंकार ग्रुप के हाथों में चीनी मिल

सोलापुर : करमाला तालुका के शेलगांव-भालवणी स्थित आदिनाथ सहकारी चीनी मिल आखिरकार ओंकार ग्रुप के नियंत्रण में आ गई है। राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) द्वारा संचालित नीलामी प्रक्रिया को चुनौती देते हुए आदिनाथ चीनी मिल, कर्मचारियों और बारामती एग्रो की ओर से पुणे स्थित ऋण वसूली न्यायाधिकरण में दायर अपील को खारिज कर दिया गया। इसके साथ ही चीनी मिल का नियंत्रण ओंकार ग्रुप को सौंपने का रास्ता साफ हो गया है।

आदिनाथ चीनी मिल पिछले करीब 15 वर्षों से आर्थिक संकट से जूझ रही थी। विभिन्न बैंकों का कर्ज बकाया होने के कारण मिल की आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई थी। करीब 10 वर्ष पहले मिल ने एनसीडीसी से 25 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। हालांकि, कर्ज की किस्तें समय पर नहीं चुकाए जाने के कारण ब्याज समेत बकाया राशि काफी बढ़ गई। एनसीडीसी और राज्य सहकारी बैंक के कर्ज की अदायगी नहीं होने के बाद मिल की संपत्ति जब्त कर उसकी बिक्री की प्रक्रिया शुरू की गई थी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

डेढ़ साल पहले विधायक नारायण पाटील के गुट के नियंत्रण में आई थी मिल

करीब डेढ़ साल पहले हुए चुनाव में आदिनाथ चीनी मिल विधायक नारायण पाटील के नेतृत्व वाले गुट के नियंत्रण में आई थी। इसके बाद मिल को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संचालक मंडल की ओर से विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए गए। हालांकि, अपेक्षित आर्थिक सहायता उपलब्ध नहीं हो सकी और एनसीडीसी ने मिल की बिक्री प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।

इस नीलामी प्रक्रिया को आदिनाथ चीनी मिल, कर्मचारियों और बारामती एग्रो की ओर से न्यायालय में चुनौती दी गई थी। हालांकि, न्यायालय ने एनसीडीसी की बिक्री प्रक्रिया पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। इसके बाद नीलामी प्रक्रिया पूरी हुई और आदिनाथ चीनी मिल का नियंत्रण ओंकार ग्रुप के हाथों में चला गया।

मिल के पुनरुद्धार के लिए प्रयास करेंगे : बाबूराव बोत्रे-पाटील

ओंकार ग्रुप के चेयरमैन बाबूराव बोत्रे-पाटील ने कहा कि, इससे पहले भी ओंकार ग्रुप ने आर्थिक संकट में फंसी चीनी मिलों को अपने नियंत्रण में लेकर उनका सफलतापूर्वक पुनरुद्धार किया है। इसी तर्ज पर आदिनाथ चीनी मिल को भी दोबारा शुरू करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि, मिल के माध्यम से क्षेत्र के किसानों, कर्मचारियों और व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।

उच्च न्यायालय में चुनौती देंगे : नारायण पाटील

विधायक नारायण पाटील ने कहा कि, आदिनाथ चीनी मिल की आर्थिक स्थिति बेहद खराब होने की जानकारी होने के बावजूद हमने इसे दोबारा शुरू करने की चुनौती स्वीकार की थी। करीब डेढ़ साल पहले मिल हमारे गुट के नियंत्रण में आने के बाद आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संचालक मंडल ने हरसंभव प्रयास किया। उन्होंने कहा कि पुणे स्थित ऋण वसूली न्यायाधिकरण ने मिल के खिलाफ फैसला सुनाया है। इस फैसले को उच्च न्यायालय में चुनौती देकर आगे की कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here