पुणे : स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने चीनी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी का हवाला देते हुए चीनी मिलों से गन्ना उत्पादक किसानों को करीब 5,500 रुपये प्रति टन का भाव देने की मांग की है।महाराष्ट्र के सतारा जिले के फलटण में पत्रकारों से बातचीत करते हुए शेट्टी ने कहा कि, चीनी की बढ़ी हुई कीमतों का लाभ किसानों को भी मिलना चाहिए। उन्होंने पिछले गन्ना पेराई सत्र में मिलों को दिए गए गन्ने के लिए किसानों को 1,000 रुपये प्रति टन अतिरिक्त भुगतान करने की भी मांग की।
शेट्टी ने कहा कि, अगस्त 2025 में चीनी की कीमत करीब 3,700 रुपये प्रति क्विंटल थी, जो इस साल अगस्त में बढ़कर लगभग 6,700 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है। यानी एक साल में करीब 3,000 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई है।उन्होंने हाल में चीनी की कीमत में करीब 20 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया। शेट्टी के अनुसार, भारत ने 2024-25 में करीब 2.6 करोड़ टन और 2025-26 में लगभग 2.9 करोड़ टन चीनी का उत्पादन किया। इसके अलावा पिछले सीजन का करीब 50 लाख टन शुरुआती स्टॉक भी उपलब्ध था। उन्होंने सवाल उठाया कि, देश में पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध होने के बावजूद कीमतों में इतनी तेज बढ़ोतरी क्यों हो रही है।
श्रीराम सहकारी चीनी मिल फिर शुरू करने की मांग
राजू शेट्टी ने श्रीराम सहकारी चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि, यह मिल हजारों गन्ना किसानों, मजदूरों, परिवहन कारोबारियों और मिल पर निर्भर अन्य व्यवसायों के लिए महत्वपूर्ण है। उनके मुताबिक, मिल दोबारा शुरू होने से किसानों को गन्ना बेचने के लिए बाजार मिलेगा। साथ ही परिवहन, श्रम, व्यापार और क्षेत्र के अन्य स्थानीय कारोबारों को भी बढ़ावा मिलेगा।
सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
शेट्टी ने आरोप लगाया कि, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मिल को दोबारा शुरू होने से रोकने की कोशिश कर रहे है।उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि जरूरत पड़ी तो उनका संगठन मिल को फिर से शुरू कराने और सरकार पर दबाव बनाने के लिए आंदोलन करेगा। इस मौके पर स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के जिला अध्यक्ष धनंजय महामुलकर, तालुका अध्यक्ष नितिन यादव समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।


















