महाराष्ट्र : कृष्णा नदी से सिंचाई पर रोक, हजारो एकड़ गन्ना फसल पर संकट के बादल

सांगली : मौसम विभाग ने ‘एल नीनो’ के प्रभाव के कारण जून और जुलाई महीने में कम बारिश की संभावना जताई है। इसी को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने कोयना बांध का उपलब्ध जल जुलाई के अंत तक केवल पेयजल जरूरतों के लिए सुरक्षित रखने का निर्णय लिया है। इसके चलते कृष्णा नदी से खेती के लिए पानी उठाने (उपसा) पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन ने उड़नदस्तों (फ्लाइंग स्क्वॉड) की नियुक्ति की है। यदि कोई किसान या व्यक्ति नदी से सिंचाई के लिए पानी उठाता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उपकरण जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इस निर्णय से क्षेत्र के किसानों में चिंता और असंतोष का माहौल है।

खड़ी फसलों पर मंडरा रहा खतरा…

ChiniMandi WhatsApp Channel

वर्तमान में कोयना बांध में केवल 9 टीएमसी जीवित जल भंडार बचा है। ऐसे में सिंचाई के लिए पानी पर रोक लगने से किसानों की खड़ी फसलें प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि, यदि जल्द बारिश नहीं हुई, तो गन्ना, सोयाबीन और सब्जी फसलें गंभीर संकट में आ सकती हैं। कई क्षेत्रों में फसलें पहले से ही पानी की कमी झेल रही हैं और अब सिंचाई पर रोक से नुकसान और बढ़ने की संभावना है। पिछले वर्ष इसी समय कोयना बांध में लगभग 17 टीएमसी पानी उपलब्ध था और मानसून भी समय से पहले शुरू हो गया था। लेकिन इस वर्ष हालात अलग हैं। मौसम विभाग के अनुसार जून और जुलाई के शुरुआती सप्ताह अपेक्षाकृत शुष्क रह सकते हैं, जिससे सातारा और सांगली जिलों की जल योजनाओं पर भी दबाव बढ़ गया है।

किसानों ने उठाई वैकल्पिक व्यवस्था की मांग…

किसानों ने सरकार से मांग की है कि, कोयना बांध का जो 67 टीएमसी पानी बिजली उत्पादन के लिए उपयोग किया जाता है और बाद में समुद्र में चला जाता है, उसमें से कम से कम 10 टीएमसी पानी सिंचाई और कृषि उपयोग के लिए सुरक्षित रखा जाए। किसानों का तर्क है कि, सिंचाई परियोजनाओं के लिए अब तक 41 टीएमसी पानी उपयोग किया जा चुका है। ऐसे में बिजली उत्पादन के लिए निर्धारित जल भंडार का एक हिस्सा कृषि जरूरतों के लिए आरक्षित किया जा सकता है।

समय पर योजना नहीं बनने से बढ़ी परेशानी…

किसानों ने कहा कि, यदि सरकार ने जनवरी से ही जल प्रबंधन और संसाधनों की योजना बेहतर तरीके से बनाई होती, तो किसानों को आज इस संकट का सामना नहीं करना पड़ता। कृष्णा नदी से सिंचाई पर प्रतिबंध के कारण क्षेत्र के हजारों किसान अब बारिश पर निर्भर हो गए हैं। यदि आने वाले दिनों में पर्याप्त वर्षा नहीं हुई, तो खरीफ फसलों के साथ-साथ गन्ना उत्पादन पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here