महाराष्ट्र: बारामती की एआई परियोजना से गन्ने की पैदावार दोगुनी, पानी और उर्वरक की खपत में कमी

पुणे : बारामती में विकसित एक तकनीकी परियोजना ने गन्ने की उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि के साथ-साथ पानी और उर्वरक के इस्तेमाल में कमी दर्ज की है। यह परियोजना छोटे और बिखरे हुए खेतों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के इस्तेमाल की संभावनाओं को दर्शाती है। यह परियोजना एग्रीकल्चरल डेवलपमेंट ट्रस्ट (ADT), बारामती ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और माइक्रोसॉफ्ट की FarmVibes टीम के सहयोग से विकसित की है। इसे 3 जुलाई को रोम में आयोजित खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के एक शिखर सम्मेलन में प्रस्तुत किया गया।

करीब 10,000 गन्ना किसानों के खेतों में किए गए पायलट प्रोजेक्ट में गन्ने की पैदावार दोगुनी होने की जानकारी सामने आई। वहीं, पानी की खपत में 40-50 प्रतिशत और उर्वरक के इस्तेमाल में करीब 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।परियोजना के तहत मिट्टी की सेहत में भी सुधार देखा गया। FAO और इंटरनेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट (IRRI) के अध्ययनों में आमतौर पर कृषि में एआई आधारित हस्तक्षेपों से करीब 15-20 प्रतिशत तक पैदावार बढ़ने की बात सामने आई है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इस तकनीक को विशेष रूप से भारत के छोटे और बिखरे हुए खेतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। इसे अमेरिका और ब्राजील जैसे देशों के बड़े और मशीनीकृत खेतों के लिए विकसित तकनीक के आधार पर तैयार नहीं किया गया।ADT बारामती के सीईओ प्रो. निलेश नलावडे ने कहा, हमने इसे ऐसे भारतीय किसानों के लिए विकसित करने पर ध्यान दिया, जिनके खेत छोटे-बिखरे हुए हैं और जो साझा जल संसाधनों का इस्तेमाल करते हैं।

क्या है ‘टाइनी एआई’ तकनीक?

इस तकनीक को ‘टाइनी एआई’ (Tiny AI) कहा जाता है। इसमें हब-एंड-स्पोक प्रणाली का इस्तेमाल किया जाता है। एक स्वचालित मौसम स्टेशन लगभग 2.5 किलोमीटर के दायरे में काम करता है और इसके साथ कई कम लागत वाले मिट्टी सेंसर लगाए जाते हैं। इससे एक मौसम स्टेशन करीब 25 किसानों के लिए उपयोगी हो सकता है और तकनीक को लागू करने की लागत कम होती है। यह प्रणाली हर 30 मिनट में मिट्टी की नमी, तापमान, आर्द्रता, बारिश और धूप समेत कुल 12 मानकों से संबंधित डेटा एकत्र करती है। फसल की सेहत पर नजर रखने के लिए सैटेलाइट तस्वीरों का भी इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा, खेतों में काम करने वाली टीमें मिट्टी के नमूनों के जरिए प्राप्त जानकारी का सत्यापन करती हैं।

इस डेटा को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा विकसित फसल मॉडल के जरिए प्रोसेस किया जाता है, जिन्हें माइक्रोसॉफ्ट Azure पर होस्ट किया गया है। इन मॉडलों को भारतीय मिट्टी की परिस्थितियों और मानसून के पैटर्न के अनुसार तैयार किया गया है। इससे फसल में पानी की कमी, पोषक तत्वों की कमी और फंगल रोगों के जोखिम का अनुमान लगाने में मदद मिलती है। किसानों को जटिल डैशबोर्ड या मोबाइल ऐप इस्तेमाल करने के बजाय मराठी भाषा में साधारण फोन संदेशों के जरिए सलाह दी जाती है। इन संदेशों में सिंचाई, उर्वरक के इस्तेमाल, कीट प्रबंधन और मौसम से जुड़े जोखिमों के बारे में जानकारी दी जाती है।

सिंचाई और उर्वरक इस्तेमाल में बदलाव

इस तकनीक के तहत किसानों को कैलेंडर आधारित सिंचाई के बजाय वाष्पोत्सर्जन (Evapotranspiration) आधारित सिंचाई अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इससे फसल को उसकी वास्तविक जरूरत के अनुसार पानी दिया जा सकता है। उर्वरक के इस्तेमाल को भी फसल की अलग-अलग विकास अवस्थाओं के अनुसार बांटा गया। इससे अनावश्यक उर्वरक के इस्तेमाल और बर्बादी को कम करने में मदद मिली।

अब इस तकनीक का विस्तार गन्ने के अलावा अरहर, हल्दी, केला, अंगूर, कपास और सोयाबीन जैसी फसलों तक किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक के किसानों ने भी इस प्रणाली को अपनाया है। ADT अब केला और हाइड्रोपोनिक लेट्यूस की खेती में एआई आधारित तकनीक का परीक्षण कर रहा है। संस्थान कृषि क्षेत्र में एआई को कॉलेजों के पाठ्यक्रम में शामिल करने की दिशा में भी काम कर रहा है। इसके साथ ही महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को इस तकनीक के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

नलावडे ने कहा, कृषि का भविष्य किसानों के अनुभव को डेटा आधारित तकनीक के साथ जोड़ने में है। उन्होंने उन्नत तकनीक को किसानों तक आसानी से पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया।ADT के चेयरमैन राजेंद्र पवार ने कहा कि, इस तरह की तकनीक को बड़े स्तर पर अपनाने के लिए महिलाओं और युवा किसानों में डिजिटल कौशल बढ़ाने के साथ-साथ नीतिगत समर्थन की भी आवश्यकता होगी। अब बारामती परियोजना के सामने सबसे बड़ी चुनौती स्थानीय कृषि परिस्थितियों के लिए विकसित इस मॉडल को पूरे भारत में लागू करने की है। देश के अलग-अलग हिस्सों में खेतों का आकार, फसलें, मिट्टी की स्थिति और पानी की उपलब्धता काफी अलग-अलग है। ऐसे में इस तकनीक को विभिन्न कृषि परिस्थितियों के अनुसार ढालना महत्वपूर्ण होगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here