मुंबई: गन्ना किसानों और चीनी मिलों को राहत देने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने राज्य की सहकारी चीनी मिलों को 2025-26 के पेराई सत्र की बकाया एफआरपी राशि चुकाने तथा आगामी 2026-27 के पेराई सत्र की तैयारियों के लिए धन उपलब्ध कराने हेतु सॉफ्ट लोन योजना को मंजूरी दी है। इसके साथ ही योजना के लिए अनुमानित ₹738.51 करोड़ के ब्याज अनुदान को भी मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल बैठक में यह फैसला लिया गया।
राज्य में 2025-26 के पेराई सत्र के दौरान 102 सहकारी चीनी मिलों ने 527.51 लाख मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की है। हालांकि, चीनी मिलों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए किसानों को एफआरपी की राशि चुकाने और अगले पेराई सत्र की तैयारियों के लिए अतिरिक्त धन उपलब्ध कराने की जरूरत थी। इसी को देखते हुए सॉफ्ट लोन योजना को मंजूरी दी गई है।इससे पहले 2015 और 2019 में भी सॉफ्ट लोन योजनाएं घोषित की गई थीं। इन योजनाओं के तहत वित्तीय संस्थाओं द्वारा चीनी मिलों को दिए गए कर्ज पर सरकार की ओर से ब्याज अनुदान दिया गया था।
केंद्र सरकार की 2015 की योजना में महाराष्ट्र सरकार भी शामिल हुई थी। इसके तहत केंद्र सरकार ने एक वर्ष के लिए, जबकि राज्य सरकार ने अगले चार वर्षों के लिए 10 प्रतिशत वार्षिक या बैंक की वास्तविक ब्याज दर, जो भी कम हो, उस दर पर ब्याज अनुदान दिया था। इसी योजना की तर्ज पर वर्तमान सॉफ्ट लोन योजना को मंजूरी दी गई है।
इस योजना के लिए अगले सात वर्षों के दौरान लगभग ₹738 करोड़ 51 लाख के ब्याज अनुदान को भी मंजूरी दी गई है।योजना के तहत बैंकों द्वारा 31 अक्टूबर 2026 तक मंजूर और वितरित की गई ऋण राशि ब्याज अनुदान के लिए पात्र होगी। स्वीकृत ऋण का उपयोग मुख्य रूप से बकाया एफआरपी का भुगतान करने के लिए करना अनिवार्य होगा।
जिन चीनी मिलों पर एफआरपी की कोई बकाया राशि नहीं है, वे इस योजना के तहत मिले कर्ज का इस्तेमाल 2026-27 के पूर्व-पेराई सत्र की तैयारियों के लिए कर सकेंगी।कर्ज की अदायगी 1 अक्टूबर 2026 से अगले सात वर्षों में करनी होगी और इसी अवधि के लिए ब्याज अनुदान भी देय होगा। 10 प्रतिशत वार्षिक या बैंक द्वारा वसूली जाने वाली ब्याज दर, इनमें से जो दर कम होगी, उसी के आधार पर ब्याज अनुदान दिया जाएगा।
वहीं, कर्ज की किस्त समय पर नहीं चुकाने वाली चीनी मिलों को इस योजना से तुरंत बाहर कर दिया जाएगा और ऐसी मिलों को आगे की अवधि के लिए ब्याज में राहत नहीं मिलेगी।इसके लिए चीनी मिलों को जुलाई 2027 तक कर्ज के उपयोग का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित मिल ब्याज अनुदान के लिए अयोग्य हो जाएगी।


















