महाराष्ट्र : चीनी उद्योग को राहत देने के लिए एमएसपी और एथेनॉल दर बढ़ाने की मांग तेज

कोल्हापुर : केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा हाल ही में कोल्हापुर दौरे के दौरान सहकारी चीनी मिलों के लिए विभिन्न परियोजनाओं की घोषणा किए जाने के बावजूद गन्ना और चीनी उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि उद्योग को तत्काल राहत देने के लिए मूलभूत समस्याओं का समाधान आवश्यक है। उद्योग की प्रमुख मांगों में चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि और एथेनॉल के दाम बढ़ाना शामिल है। उद्योग प्रतिनिधियों का कहना है कि, वर्तमान में चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि उत्पादन लागत और किसानों को दिए जाने वाले एफआरपी (उचित एवं लाभकारी मूल्य) को देखते हुए इसे बढ़ाकर 4,300 रुपये प्रति क्विंटल किया जाना चाहिए।उनका तर्क है कि, मौजूदा दरों के कारण कई चीनी मिलें आर्थिक दबाव और घाटे का सामना कर रही हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, गन्ना किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने और चीनी मिलों की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए चीनी के एमएसपी में बढ़ोतरी बेहद जरूरी है। इसके अलावा, पिछले दो वर्षों से एथेनॉल की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं हुई है, जबकि उत्पादन लागत लगातार बढ़ रही है। उद्योग जगत ने एथेनॉल के दाम बढ़ाने और एथेनॉल परियोजनाओं के लिए लिए गए ऋण पर 6 प्रतिशत ब्याज अनुदान देने की भी मांग की है। अमित शाह ने अपने दौरे के दौरान करीब 1,500 करोड़ रुपये की लागत से चीनी उद्योग के लिए सहकारी परियोजनाएं स्थापित करने की घोषणा की थी। हालांकि, उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि ये दीर्घकालिक योजनाएं हैं, जबकि वर्तमान समय में चीनी मिलों और गन्ना किसानों को तत्काल आर्थिक राहत की आवश्यकता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

जानकारों का कहना है कि, चीनी मिलों की कुल आय का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा चीनी बिक्री से आता है, जबकि उप-उत्पादों जैसे एथेनॉल और अन्य उत्पादों से केवल 20 प्रतिशत आय होती है। ऐसे में केवल नई परियोजनाओं की घोषणा से उद्योग की मौजूदा वित्तीय चुनौतियों का समाधान नहीं होगा। उद्योग से जुड़े लोगों का मानना है कि केंद्र सरकार ने अब तक केवल आश्वासन दिए हैं, जबकि चीनी और एथेनॉल से जुड़ी प्रमुख मांगों पर ठोस निर्णय का इंतजार है। देश में पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण का लक्ष्य तय किया गया है, लेकिन इसके अनुरूप चीनी उद्योग को पर्याप्त लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में एथेनॉल की कीमतों में वृद्धि और गन्ना आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देने की मांग लगातार जोर पकड़ रही है।विशेषज्ञों का कहना है कि, यदि सरकार चीनी के एमएसपी और एथेनॉल दरों में बढ़ोतरी जैसे मुद्दों पर जल्द निर्णय लेती है, तो इससे गन्ना किसानों, सहकारी चीनी मिलों और पूरे चीनी उद्योग को बड़ी राहत मिल सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here