कोल्हापुर: गन्ना सीजन समाप्त होने के कारण कोल्हापुर कृषि उपज बाजार समिति में इन दिनों गुड़ की आवक कम हो गई है।कम गुड आपूर्ति के चलते हमालों ने एक दिन छोड़कर गुड़ की नीलामी निकालने का रुख अपनाया था। उनकी इस मांग को किसानों और व्यापारियों ने भी सहमति दी है। इसलिए आज (15 अप्रैल) से रविवार तक नियमित नीलामी होगी, जबकि सोमवार (20 अप्रैल) से एक दिन छोड़कर गुड़ की नीलामी निकाली जाएगी। इस बीच रसायनयुक्त गुड़ के मुद्दे पर पिछले दो दिनों की बंदी के बाद आज (15 अप्रैल) से फिर से गुड़ की नीलामी शुरू हो गई है।
कोल्हापुर कृषि उपज बाजार समिति में बंद के दौरान गुड़ विभाग में लगभग 1.20 करोड़ रुपये का कारोबार ठप रहा। बताया गया कि, गुजरात के व्यापारियों ने गुड़ की खरीद बंद कर दी है। गुजरात खाद्य एवं औषधि विभाग को मिलावटी गुड़ मिलने के बाद वहां के व्यापारी संघ ने कोल्हापुर और सांगली जिलों से सोमवार से गुड़ खरीद रोक दी है। वहीं स्थानीय किसानों का कहना है कि, गुजरात में मिला गुड़ कोल्हापुर का नहीं है। इस मुद्दे के विरोध में किसानों ने सोमवार और मंगलवार को समिति में आवक बंद रखी। इसके बाद बुधवार से समिति में फिर से गुड़ की आवक शुरू हुई है। फिलहाल गुजरात बाजार के दरवाजे कोल्हापुर के गुड़ के लिए अभी भी बंद ही रहेंगे।


















