कोल्हापुर : देश में पिछले कुछ सप्ताह के दौरान चीनी के दाम में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद चीनी उद्योग की आर्थिक चिंताएं कम होती नहीं दिख रही हैं। खुदरा बाजार में चीनी की कीमत 49 से 52 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है, जबकि थोक बाजार में इसका भाव 4,800 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच चुका है। हालांकि, चीनी उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों और उद्यमियों का मानना है कि, यह बढ़ोतरी अस्थायी है और इससे उद्योग की दीर्घकालिक वित्तीय समस्याओं का समाधान नहीं होगा।
देश में हर वर्ष लगभग 280 लाख टन चीनी की मांग रहती है, जबकि उत्पादन 300 से 325 लाख टन के बीच होने के कारण अतिरिक्त भंडार बन जाता है। मांग की तुलना में आपूर्ति अधिक रहने से पिछले कई वर्षों से चीनी के दाम अपेक्षाकृत स्थिर थे, लेकिन पिछले दो महीनों से बाजार में तेजी का रुख देखने को मिल रहा है।
एफआरपी बढ़ी, लेकिन एमएसपी अब भी 2019 के स्तर पर
चीनी उद्योग का सबसे बड़ा खर्च गन्ने की खरीद है। केंद्र सरकार हर वर्ष गन्ने का एफआरपी (फेयर एंड रेम्युनरेटिव प्राइस) घोषित करती है। वर्ष 2020-21 में प्रति टन 2,850 रुपये रही एफआरपी को 2026-27 पेराई सत्र के लिए 3,650 रुपये प्रति टन कर दिया गया है। इसके विपरीत, चीनी का न्यूनतम बिक्री मूल्य (एमएसपी) फरवरी 2019 से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल पर ही स्थिर है। एफआरपी, उत्पादन लागत और अन्य खर्चों में लगातार वृद्धि को देखते हुए राष्ट्रीय एवं राज्य सहकारी साखर कारखाना महासंघ तथा इस्मा (ISMA) जैसी निजी चीनी मिलों की संस्थाओं ने केंद्र सरकार से एमएसपी को 4,100 से 4,200 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की है। हालांकि, इस पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
एमएसपी बढ़ने से मिलेगा उद्योग को राहत
वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बी. बी. ठोंबरे ने बताया कि, पिछले पेराई सत्र में उत्पादित लगभग 80 प्रतिशत चीनी 3,400 से 3,500 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बेची गई थी। वर्तमान में खुदरा बाजार में चीनी का भाव 52 रुपये प्रति किलो होने के बावजूद मिलों को औसतन करीब 4,500 रुपये प्रति क्विंटल का मूल्य मिल रहा है। उन्होंने कहा कि, बढ़ी हुई एफआरपी की तुलना में यह आय पर्याप्त नहीं है, इसलिए उद्योग अब भी आर्थिक दबाव में है। यदि केंद्र सरकार एमएसपी को 4,200 रुपये प्रति क्विंटल कर देती है तो इससे उद्योग को बड़ी राहत मिलेगी।
दरों में बढ़ोतरी से सीमित लाभ
चीनी उद्योग के जानकार विजय औताडे के अनुसार, पिछले दो महीनों में कीमतों में आई बढ़ोतरी से मिलों को कुछ हद तक लाभ जरूर हुआ है, लेकिन पूरे वर्ष के आय-व्यय का आकलन करने पर उद्योग की मूल आर्थिक समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि, आगामी पेराई सत्र शुरू होने के बाद नई चीनी की आपूर्ति बढ़ने से बाजार भाव में फिर गिरावट आ सकती है। फिलहाल बाजार में बढ़ी हुई कीमतों का बोझ उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है, जबकि उत्पादन लागत की भरपाई के लिए उद्योग एमएसपी में वृद्धि की मांग कर रहा है। केंद्र सरकार इस मांग पर क्या निर्णय लेती है और आगामी सत्र में उत्पादन व कीमतों के बीच संतुलन कैसे बनाए रखती है, इसी पर साखर उद्योग का भविष्य काफी हद तक निर्भर करेगा।


















