कोल्हापुर: केंद्रीय सहकारिता एवं गृह मंत्री अमित शाह 19 और 20 जून को कोल्हापुर दौरे पर आने वाले हैं। उनके दौरे को लेकर महायुति और भारतीय जनता पार्टी की ओर से व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस दौरान पश्चिम महाराष्ट्र के सहकारी चीनी उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखा जाएगा। महाराष्ट्र के चिकित्सा शिक्षा मंत्री और सरसेनापति संताजी घोरपड़े चीनी मिल के संस्थापक, अध्यक्ष हसन मुश्रीफ ने बताया कि, पश्चिम महाराष्ट्र के चीनी मिलों को जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें अमित शाह के समक्ष विस्तार से रखा जाएगा।
अमित शाह की मौजूदगी में कोल्हापुर में एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा इचलकरंजी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और हुपरी स्थित जवाहर सहकारी चीनी मिल के नामकरण कार्यक्रम का भी आयोजन प्रस्तावित है। इन कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने लिया।
कोल्हापुर और पश्चिम महाराष्ट्र को राज्य का प्रमुख “शुगर बेल्ट” माना जाता है। देश के कुल चीनी उत्पादन में महाराष्ट्र का महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे में चीनी उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि केंद्र सरकार से कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद कर रहे हैं। मंत्री हसन मुश्रीफ के अनुसार, साखर निर्यात नीति को अधिक अनुकूल बनाने, एथेनॉल उत्पादन में निवेश बढ़ाने, पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की क्षमता का विस्तार करने, चीनी के न्यूनतम बिक्री मूल्य (MSP) और किसानों को मिलने वाले उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) से जुड़ी समस्याओं पर केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि देश अभी भी ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़े पैमाने पर विदेशी तेल पर निर्भर है। ऐसे में एथेनॉल क्षेत्र को और मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है।
दौरे के दौरान हुपरी स्थित जवाहर सहकारी चीनी मिल का नाम बदलकर पूर्व सांसद कल्लाप्पाण्णा आवाडे के नाम पर रखने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। हाल ही में आवाडे परिवार के भाजपा में शामिल होने के बाद यह फैसला चर्चा का विषय बना हुआ है। अमित शाह की उपस्थिति में मिल का नाम बदलकर “कल्लाप्पाण्णा आवाडे सहकारी चीनी कारखाना” किए जाने की योजना है।


















