महाराष्ट्र: मौजूदा गन्ना पेराई सत्र में नेचुरल शुगर सल्फर की जगह कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) का इस्तेमाल कर सल्फर-फ्री चीनी का उत्पादन करेगा। वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (WISMA) के अध्यक्ष बी.बी.ठोंबरे ने कहा की, नेचुरल इंडस्ट्रीज ग्रुप का हिस्सा नेचुरल शुगर 2026-27 के पेराई सत्र से चीनी उत्पादन में सल्फर का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करने की योजना पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि, देश में इस तरह का यह पहला प्रयोग होने की उम्मीद है।मिल ने पिछले पेराई सत्र से ही कुछ मात्रा में CO2 का इस्तेमाल शुरू कर दिया था। अब चालू सत्र में चीनी उत्पादन प्रक्रिया से सल्फर को पूरी तरह हटाने का लक्ष्य रखा गया है।
सल्फर की बढ़ती कीमत बनी बड़ी वजह
चीनी उत्पादन में पारंपरिक रूप से चूने और सल्फर डाइऑक्साइड के साथ सल्फर का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, सल्फर की बढ़ती कीमत और इसके संभावित स्वास्थ्य प्रभावों को लेकर चिंता के चलते मिल ने इसका वैकल्पिक तरीका अपनाने का निर्णय लिया है। वर्तमान में सल्फर की कीमत करीब 1.25 लाख रुपये प्रति टन है। इसकी बढ़ती कीमत से चीनी उत्पादन की लागत भी बढ़ रही है। नई प्रक्रिया के तहत डिस्टिलरी में अल्कोहल उत्पादन के दौरान निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड (CO2) को कैप्चर किया जाएगा। इसके बाद चीनी के शुद्धिकरण की प्रक्रिया में इसका इस्तेमाल चूने के साथ किया जाएगा। मिल प्रबंधन के अनुसार, इस तकनीक से सल्फर पर निर्भरता कम होने के साथ-साथ चीनी उत्पादन की लागत घटाने में भी मदद मिल सकती है।
बायोगैस परियोजना में भी लागत घटने की उम्मीद
बी.बी.ठोंबरे ने बताया कि, CO2 के इस्तेमाल से उत्पादन प्रक्रिया की दक्षता बढ़ाने के साथ बायोगैस परियोजना में शुद्धिकरण की लागत कम करने में भी मदद मिल सकती है। ये लाभ चीनी उत्पादन प्रक्रिया से सल्फर डाइऑक्साइड को हटाने के कारण मिलने की उम्मीद है। इस बीच, नेचुरल इंडस्ट्रीज ग्रुप का 2026-27 का 25वां पेराई सत्र शुक्रवार, 9 अक्टूबर से शुरू होगा। इस अवसर पर भूम तहसील के गन्ना किसान अनिल देशमुख और विद्यातााई देशमुख पारंपरिक गवन पूजन समारोह करेंगे। इन किसानों ने मिल को सबसे अधिक 1,860 टन गन्ना उपलब्ध कराया है। इसी के साथ नए पेराई सत्र की औपचारिक शुरुआत की जाएगी।


















