मुंबई : शोधकर्ताओं ने गन्ने के अवशेष (ट्रैश) को जैविक खाद में बदलने वाली पोर्टेबल कंपोस्टिंग मशीन विकसित की है, जिसके लिए उन्हें केंद्र सरकार से पेटेंट प्राप्त हुआ है। यह तकनीक गन्ने के अवशेष जलाने की प्रथा का पर्यावरण-अनुकूल विकल्प प्रदान करेगी। इस नवाचार को कर्मयोगी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, पंढरपुर के शोधकर्ता डॉ. अनिल बाबर और डॉ. सोमनाथ लांबे ने विकसित किया है। इसका उद्देश्य गन्ने की कटाई के बाद खेतों में बचने वाले अवशेषों के सुरक्षित और उपयोगी निपटान की समस्या का समाधान करना है।
सोलापुर जिले में बड़े पैमाने पर गन्ने की खेती होती है।कटाई के बाद कई किसान खेतों में बचे गन्ने के अवशेषों को जला देते हैं। इससे वायु प्रदूषण बढ़ता है और मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट हो जाते हैं, जिससे मिट्टी की उर्वरता और फसल उत्पादकता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। डॉ. अनिल बाबर के अनुसार, यह पोर्टेबल गन्ना ट्रैश कंपोस्टर गन्ने के अवशेष, सूखी पत्तियां, खरपतवार और अन्य जैविक कचरे को कम समय और कम लागत में उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद में बदल सकता है।
उन्होंने बताया कि, इस तकनीक के उपयोग से गन्ने के अवशेष जलाने की आवश्यकता कम होगी, जिससे वायु प्रदूषण में कमी आएगी। साथ ही, जैविक खाद के उपयोग से मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन की मात्रा बढ़ेगी, जिससे मिट्टी की उर्वरता में सुधार होगा और उसकी जल धारण क्षमता भी बढ़ेगी। डॉ. सोमनाथ लांबे ने कहा कि, यह कंपोस्टिंग प्रणाली किसानों की रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने में मदद करेगी। इसके साथ ही यह मिट्टी में लाभकारी सूक्ष्मजीवों की संख्या बढ़ाकर सतत और पर्यावरण-अनुकूल कृषि को बढ़ावा देगी।
शोधकर्ताओं का मानना है कि, यह पेटेंट प्राप्त तकनीक किसानों को गन्ने के अवशेषों के बेहतर प्रबंधन का पर्यावरण हितैषी समाधान उपलब्ध कराएगी। इससे मिट्टी के दीर्घकालिक स्वास्थ्य में सुधार होगा और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा मिलेगा।















