पुणे: महाराष्ट्र में गन्ना परिवहन का काम करने वाले किसान और वाहन मालिक, श्रमिक ठेकेदारों यानी मुकादमों की व्यवस्था के कारण बढ़ते आर्थिक जोखिम का सामना कर रहे हैं। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, 2022 से 2025 के बीच दर्ज पुलिस मामलों के आधार पर श्रमिकों की व्यवस्था के लिए दिए गए अग्रिम भुगतान में कथित धोखाधड़ी के कारण परिवहनकर्ताओं को करीब 257 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। पुणे, कोल्हापुर, सोलापुर, सातारा और सांगली जिलों में इस अवधि के दौरान श्रमिक ठेकेदारों द्वारा कथित धोखाधड़ी से जुड़े 1,953 आपराधिक मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में पुलिस ने 3,162 मुकादमों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कोल्हापुर में सबसे ज्यादा मामले दर्ज
इन पांच जिलों में कोल्हापुर में सबसे अधिक 1,154 मामले दर्ज हुए, जो कुल मामलों के आधे से भी ज्यादा हैं। इसके बाद सांगली 235, सोलापुर 216, पुणे 175 और सातारा जिले में 173 मामले दर्ज है।कई गन्ना किसान पेराई के मौसम में गन्ना परिवहन का काम करके अतिरिक्त आय कमाते हैं। जिन किसानों के पास ट्रैक्टर, ट्रक या अन्य परिवहन वाहन हैं, वे अक्सर यह काम करते है। लेकिन परिवहन का यह काम शुरू होने से पहले ही आर्थिक जोखिम शुरू हो जाता है।
आमतौर पर परिवहनकर्ता मुकादमों को बड़ी रकम अग्रिम देते हैं। मुकादमों की जिम्मेदारी होती है कि वे प्रवासी गन्ना कटाई मजदूरों के समूह को गन्ने की कटाई के लिए संबंधित क्षेत्रों तक पहुंचाएं। इनमें से कई श्रमिक ठेकेदार मराठवाड़ा और विदर्भ में सक्रिय स्थापित नेटवर्क के माध्यम से काम करते हैं, जहां से बड़ी संख्या में प्रवासी गन्ना मजदूर आते हैं।परिवहनकर्ताओं का आरोप है कि, कुछ मुकादम एक ही मजदूर समूह के लिए कई लोगों से अग्रिम राशि ले लेते हैं और पैसा लेने के बाद गायब हो जाते हैं। जब वादा किए गए मजदूर खेतों तक नहीं पहुंचते, तो परिवहनकर्ताओं के पास वाहन की कर्ज की किस्तें, ईंधन, मरम्मत और रखरखाव का खर्च तो रहता है, लेकिन परिवहन के लिए गन्ना नहीं होता।
कई परिवहनकर्ता मुकादमों को अग्रिम भुगतान करने के लिए अपनी बचत का इस्तेमाल करते हैं या अपनी संपत्ति गिरवी रखते हैं। चीनी मिलों के माध्यम से मिलने वाला बैंक वित्तपोषण कई बार ठेकेदारों द्वारा मांगी गई पूरी रकम को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं होता। मजदूरों के नहीं आने की स्थिति में नुकसान और गंभीर हो जाता है, क्योंकि वाहन ऋण और अन्य वित्तीय देनदारियां लगातार जारी रहती हैं।
पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने सरकार से हस्तक्षेप की मांग की
किसान नेता और पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने कहा कि, 2022 के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी के आपराधिक मामले तेजी से दर्ज किए हैं। इससे पहले इस तरह के विवादों को अक्सर दीवानी मामलों के रूप में देखा जाता था। हालांकि, शेट्टी के अनुसार केवल आपराधिक मामले दर्ज करने से समस्या का समाधान नहीं हुआ है। आरोपी ठेकेदार जमानत हासिल करके दोबारा इसी कारोबार में लौट सकते हैं।
दूसरी ओर, परिवहनकर्ताओं को अपना पैसा वापस पाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है और इस दौरान उन्हें आर्थिक दबाव, धमकियों और कभी-कभी जवाबी मुकदमों का भी सामना करना पड़ता है। शेट्टी ने बताया कि, उन्होंने सरकार से हस्तक्षेप की मांग को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से दो बार मुलाकात की है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की धोखाधड़ी से निपटने और पैसे की वसूली के लिए अलग कानून बनाने का प्रस्ताव दिवंगत अजित पवार के उपमुख्यमंत्री कार्यकाल में चर्चा में आया था, लेकिन इसे लागू नहीं किया गया।
गन्ना आपूर्ति श्रृंखला में बढ़ा वित्तीय जोखिम
इस पूरे मामले ने महाराष्ट्र की गन्ना आपूर्ति श्रृंखला में मौजूद आर्थिक जोखिमों को उजागर किया है। चीनी मिलें अक्सर परिवहनकर्ताओं के साथ अनुबंध करती हैं और वाहनों तथा अन्य संपत्तियों के लिए बैंक वित्त की व्यवस्था में मदद करती हैं। परिवहनकर्ता इस धन का इस्तेमाल आगे मुकादमों को मजदूर उपलब्ध कराने के लिए अग्रिम राशि देने में करते हैं। इस व्यवस्था में वित्तीय जोखिम का बड़ा हिस्सा परिवहनकर्ताओं पर आ जाता है, जबकि गन्ने की कटाई और ढुलाई के लिए आवश्यक मजदूरों की व्यवस्था के लिए वे मुकादमों पर निर्भर रहते हैं।
एक ठेका भी बदल सकता है पूरी आर्थिक स्थिति
ये मामले महाराष्ट्र की गन्ना अर्थव्यवस्था की एक बड़ी कमजोरी की ओर संकेत करते हैं। गन्ने को राज्य की प्रमुख नकदी फसलों में गिना जाता है, लेकिन श्रमिकों की आपूर्ति श्रृंखला में बाधा आने पर किसान और परिवहनकर्ता भारी कर्ज और आर्थिक नुकसान की चपेट में आ सकते हैं। परिवहनकर्ताओं के लिए एक ही श्रमिक ठेके का विफल होना मौसमी कमाई के अवसर को बड़े वित्तीय बोझ में बदल सकता है। गन्ना परिवहन का काम न मिलने के बावजूद वाहन की किस्त, ब्याज, ईंधन और रखरखाव जैसे खर्च जारी रहते हैं।


















