महाराष्ट्र : राज्य के कुछ चीनी मिलों ने गन्ना परिवहन ठेकेदारों के नाम पर उठाया बैंकों का लोन, अनशन पर उतरी संगठन

कोल्हापुर : महाराष्ट्र में गन्ना परिवहन कार्य से जुड़े हजारों श्रमिकों और परिवहन ठेकेदारों के हितों का प्रतिनिधित्व करने वाली महाराष्ट्र राज्य गन्ना परिवहनकर्ता किसान संगठन ने सहकारी और निजी चीनी मिलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने आरोप लगाया है कि, कई चीनी मिलों ने गन्ना परिवहनकर्ताओं और गन्ना कटाई ठेकेदारों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उनके नाम पर मुद्रा ऋण प्राप्त किया, जिससे हजारों लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

संगठन के अनुसार, गन्ना परिवहन और कटाई के लिए अनुबंध करते समय परिवहन ठेकेदारों से लिए गए दस्तावेजों का उपयोग उनकी जानकारी के बिना ऋण लेने के लिए किया गया। आरोप है कि, कुछ बैंक अधिकारियों और चीनी मिल प्रबंधन की मिलीभगत से यह पूरा मामला अंजाम दिया गया।इसके चलते कई गन्ना परिवहनकर्ताओं का सिबिल (क्रेडिट) रिकॉर्ड खराब हो गया है, जिससे उन्हें भविष्य में बैंक ऋण प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

संगठन का दावा है कि, राज्य की करीब 150 सहकारी और निजी चीनी मिलों ने मुद्रा योजना का लाभ लेने के लिए परिवहनकर्ताओं के दस्तावेजों का दुरुपयोग किया। मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज संगठन ने सोमवार से अन्नत्याग (अनशन) आंदोलन शुरू कर दिया है। संगठन के संस्थापक-अध्यक्ष राजगोंडा पाटील ने आरोप लगाया कि, कुछ प्रतिष्ठित बैंकों के अधिकारियों और चीनी मिल प्रशासन की मिलीभगत से गन्ना परिवहन ठेकेदारों के साथ आर्थिक धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि सरकार और संबंधित एजेंसियों ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की, तो आगामी गन्ना पेराई (क्रशिंग) सीजन शुरू नहीं होने दिया जाएगा।

संगठन ने कोल्हापुर के जिलाधिकारी डॉ. विजय राठोड को ज्ञापन सौंपकर कई मांगें रखी हैं। इनमें दोषी मुकादमों और संबंधित लोगों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामले दर्ज करना, धोखाधड़ी की राशि की वसूली, गन्ना परिवहनकर्ताओं को ऋणमाफी योजना में शामिल करना तथा उनके समस्त ऋण माफ करना शामिल है। साथ ही, कथित वित्तीय अनियमितताओं में शामिल बैंक अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है। इन मांगों को लेकर राजगोंडा पाटील ने कोल्हापुर जिलाधिकारी कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन अन्नत्याग आंदोलन शुरू कर दिया है। संगठन का कहना है कि, गन्ना उद्योग से जुड़े परिवहनक ठेकेदारों के साथ हुए अन्याय को लेकर अब निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here