पुणे : जिले के दौंड तालुका स्थित भीमा सहकारी चीनी मिल के प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी संभालने के लिए जिला उपनिबंधक (पुणे ग्रामीण) प्रकाश जगताप को प्रशासक नियुक्त किया गया है। इस संबंध में पुणे क्षेत्रीय चीनी सहनिदेशक नीलिमा गायकवाड़ ने संशोधित आदेश जारी किए हैं।यह आदेश सहकार मंत्री बाबासाहेब पाटील के समक्ष दायर अपील और मुंबई हाईकोर्ट के निर्देशों के आधार पर 12 मई को जारी किए गए।
मुंबई हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अमित बोरकर ने आदेश दिया था कि, भीमा चीनी मिल की प्रशासक समिति के पुनर्गठन की प्रक्रिया 7 मई से एक सप्ताह के भीतर पूरी की जाए। इसके बाद अगले दो सप्ताह के भीतर मिल की प्रबंध समिति के चुनाव कार्यक्रम की प्रक्रिया शुरू की जाए।सहनिदेशक ने अपने आदेश में कहा कि न्यायालय द्वारा तय समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई और व्यवस्थाएं पूरी की जाएं।
भीमा चीनी मिल के वर्ष 2019-2024 कार्यकाल के लिए निदेशक मंडल के चुनाव कराने हेतु मिल प्रबंधन से 60 लाख 11 हजार 475 रुपये की अनुमानित चुनाव निधि जमा करने की मांग की गई थी। हालांकि, मिल द्वारा केवल 20 लाख रुपये ही जमा किए गए। इस बीच, समिति की संरचना में खामियां और संस्थान के प्रबंधन में प्रशासनिक शून्यता पैदा होने का हवाला देते हुए पुणे क्षेत्रीय चीनी सहनिदेशक नीलिमा गायकवाड़ ने 22 अप्रैल 2026 को निदेशक मंडल को भंग कर प्रशासनिक कार्यों के लिए तीन सदस्यीय समिति नियुक्त की थी।
इस आदेश को किसान तुकाराम ताकवणे-पारगांव ने सहकार मंत्री के समक्ष चुनौती दी थी, जिसके बाद 7 मई को सहकार मंत्री ने क्षेत्रीय सहनिदेशक का आदेश रद्द कर दिया।बाद में वसंतराव सालुखे ने इस फैसले को मुंबई हाईकोर्ट में चुनौती दी। इसके बाद अदालत ने भीमा सहकारी चीनी मिल की प्रबंध समिति के चुनाव कार्यक्रम को दो सप्ताह के भीतर शुरू करने का आदेश दिया।इसी आदेश के अनुरूप प्रकाश जगताप की प्रशासक पद पर नियुक्ति की गई है।


















