पुणे: राज्य में एफआरपी बकाया भुगतान में विफल 29 चीनी मिलों की सुनवाई 13 अप्रैल को चीनी आयुक्त कार्यालय में हुई। इस दौरान कुछ मिल संचालकों ने आर्थिक कठिनाइयों का हवाला देते हुए बकाया भुगतान के लिए 30 अप्रैल तक की मोहलत मांगी है।चीनी आयुक्तालय ने इस मामले की अगली सुनवाई 7 मई को तय की है। चीनी मिलर्स के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ी एफआरपी, उसके मुकाबले स्थिर एमएसपी और बढ़ी उत्पादन लागत के कारण चीनी मिलों का आर्थिक संतुलन बिगड़ा है। इसी वजह से किसानों को एफआरपी भुगतान में देरी हो रही है।
राज्य में पेराई सीजन लगभग समाप्त होने के बावजूद चीनी आयुक्तालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 2 अप्रैल 2026 तक 139 चीनी मिलें किसानों को 100 प्रतिशत गन्ना भुगतान करने में असफल रही हैं। चीनी मिलों पर किसानों के करीब 2991 करोड़ रुपये बकाया थे। हालांकि, चीनी आयुक्त कार्यालय द्वारा लगातार फॉलो-अप किए जाने के कारण कुछ मिलों ने गन्ना भुगतान किया है। इसके चलते पिछले सप्ताह तक बकाया राशि घटकर 1012 करोड़ 44 लाख रुपये रह गई।
इस पृष्ठभूमि में चीनी आयुक्तालय में सोमवार (13 अप्रैल) को 31 मार्च 2026 तक की रिपोर्ट के अनुसार, जिन मिलों ने 80 प्रतिशत से कम एफआरपी का भुगतान किया है, ऐसी 29 मिलों की सुनवाई की गई। इन मिल प्रतिनिधियों ने आर्थिक कठिनाइयों का हवाला देते हुए गन्ना भुगतान के लिए 30 अप्रैल तक की मोहलत मांगी। इस संबंध में राज्य के चीनी आयुक्त डॉ. संजय कोलते ने ‘चीनी मंडी’ से बातचीत में कहा कि, किसानों को जल्द से जल्द गन्ने के बिल की 100 प्रतिशत राशि मिले, इसके लिए चीनी आयुक्त कार्यालय प्रयासरत है।


















