महाराष्ट्र की चीनी मिलें 1 नवंबर के बाद शुरू करें पेराई सत्र : इरिगेशन फेडरेशन

मुंबई: इंडियन इरिगेशन फेडरेशन ने महाराष्ट्र की चीनी मिलों से 2026-27 का गन्ना पेराई सत्र 1 नवंबर के बाद शुरू करने की अपील की है। राज्य सरकार द्वारा पेराई सत्र शुरू करने के लिए 15 अक्टूबर की तारीख तय किए जाने के बावजूद महासंघ ने इसे आगे बढ़ाने की मांग की है। अॅग्रोवन में प्रकाशित खबर के अनुसार, महासंघ ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण चीनी उद्योग के सामने आ रही वित्तीय चुनौतियों का हवाला दिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में महासंघ ने पेराई सत्र की शुरुआत टालने की मांग की है। महासंघ ने चेतावनी दी है कि, मांग नहीं माने जाने पर किसानों को साथ लेकर राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

चीनी के लिए ₹55 प्रति किलोग्राम एमएसपी की मांग

ChiniMandi WhatsApp Channel

महासंघ के अनुसार, चीनी उद्योग से जुड़े तीन प्रमुख पक्ष—गन्ना किसान, चीनी मिलें और श्रमिक—वर्तमान में विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। महासंघ ने कहा कि, यदि पेराई सत्र 15 अक्टूबर से शुरू किया जाता है, तो चीनी रिकवरी कम हो सकती है। इससे किसानों और चीनी मिलों, दोनों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। इसी वजह से महासंघ ने चीनी मिलों से सरकार के दबाव में आकर समय से पहले पेराई शुरू नहीं करने और 1 नवंबर के बाद पेराई शुरू करने की अपील की है। महासंघ ने चीनी के लिए ₹55 प्रति किलोग्राम का न्यूनतम समर्थन मूल्य और C-हैवी एथेनॉल के लिए ₹70 प्रति लीटर कीमत तय करने की भी मांग की है। यदि केंद्र और महाराष्ट्र सरकार 15 अक्टूबर से पेराई शुरू करना अनिवार्य करती हैं, तो महासंघ ने किसानों को शुरुआती पेराई के संभावित नुकसान की भरपाई के लिए ₹500 प्रति टन गन्ना सब्सिडी देने की मांग की है।

चीनी मिलों को कर्ज पर एक साल की ब्याज सब्सिडी देने की मांग

महासंघ ने यह भी कहा कि, एथेनॉल उत्पादन पर लगाए गए प्रतिबंधों के कारण चीनी मिलों पर वित्तीय बोझ बढ़ सकता है। इससे मिलों की ब्याज लागत और कर्ज की किस्तों का दबाव बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए महासंघ ने चीनी मिलों के लिए एक साल की ब्याज सब्सिडी देने और कर्ज की किस्तों के भुगतान की अवधि बढ़ाने की मांग की है।इसके अलावा, महासंघ ने आयातित इथेनॉल और SDS पर आयात शुल्क लगाने की भी मांग की है। महासंघ का कहना है कि, पेराई सत्र की शुरुआत, चीनी की कीमत, एथेनॉल नीति और मिलों की वित्तीय स्थिति से जुड़े इन मुद्दों पर सरकार द्वारा समय रहते निर्णय लेने से किसानों, मिलों और श्रमिकों से जुड़ी समस्याओं को कम करने में मदद मिल सकती है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here