महाराष्ट्र : धोखाधड़ी मामले में ‘गोकुल शुगर’ के तीन लोग हिरासत में, चेन्नई पुलिस अपने साथ ले गई

सोलापुर: धोखाधड़ी के एक मामले में जिले के दक्षिण सोलापुर तहसील के धोत्री स्थित गोकुल शुगर से जुड़े तीन लोगों को चेन्नई पुलिस ने सोमवार रात हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस तीनों को कार से चेन्नई ले गई। यह कार्रवाई चेन्नई की क्राइम ब्रांच द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामला गोकुल शुगर मिल में तैयार होने वाले बी-हेवी मोलासिस (मळी) और सी-मोलासिस की चेन्नई स्थित ईआईडी पैरी इंडिया लिमिटेड को आपूर्ति से जुड़ा है। आरोप है कि, मोलासिस की आपूर्ति के लिए हुए समझौते के तहत कंपनी से मिल ने 15 करोड़ 72 लाख 50 हजार रुपये लिए, लेकिन तय शर्तों के अनुसार मोलासिस की आपूर्ति नहीं की गई। इससे कंपनी के साथ धोखाधड़ी होने का आरोप लगाया गया है। बताया गया है कि, यह मामला सितंबर 2024 से अब तक की अवधि से संबंधित है।

15.72 करोड़ रुपये लेने का आरोप

ChiniMandi WhatsApp Channel

इस मामले में चेन्नई के राजगोपाल श्रीनिवासन रामस्वामी (51), निवासी रामनगर, कांचीपुरम, तमिलनाडु ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, चेन्नई की कंपनी के साथ गोकुल शुगर में तैयार होने वाले बी-हेवी मोलासिस को 11,500 रुपये प्रति टन और सी-मोलासिस को 9,500 रुपये प्रति टन की दर से खरीदने का समझौता हुआ था। बताया गया है कि यह कारोबारी लेनदेन माल परिवहन का काम करने वाले आशीष पारेख की पहचान के माध्यम से हुआ था।

दिसंबर 2024 तक आपूर्ति का दिया गया था आश्वासन

समझौते के तहत 1 नवंबर से 31 दिसंबर 2024 के बीच मोलासिस की आपूर्ति करने की गारंटी 500 रुपये के बॉन्ड पर दी गई थी। इसके लिए चेन्नई की कंपनी ने 10 अक्टूबर 2024 को 9.20 करोड़ रुपये और 5 नवंबर 2024 को 6 करोड़ 52 लाख 50 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दिए थे। वहीं, सुरक्षा राशि के तौर पर गोकुल शुगर की ओर से एक सहकारी बैंक के तीन चेक दिए गए थे। हालांकि, आरोप है कि समझौते के अनुसार बाद में मोलासिस की आपूर्ति नहीं की गई।

बार-बार मांग के बावजूद नहीं हुई आपूर्ति

कंपनी की ओर से मोलासिस की आपूर्ति को लेकर बार-बार फोन पर संपर्क किया गया, लेकिन कथित तौर पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।इसके बाद कंपनी ने पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी। बताया गया है कि इसके बाद कारखाने की ओर से संशोधित वचनपत्र दिया गया, लेकिन इसके बावजूद मोलासिस की आपूर्ति नहीं की गई।आखिरकार कंपनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसी शिकायत के आधार पर चेन्नई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोकुल शुगर से जुड़े तीन लोगों को हिरासत में लिया और उन्हें चेन्नई ले गई।

सदर बाजार पुलिस ने चेन्नई पुलिस की मदद की

सोलापुर के सदर बाजार पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजित लकड़े ने बताया कि, गोकुल शुगर से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किए जाने की घटना सही है। सोमवार को चेन्नई पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद ली और देर रात तीनों को अपने साथ चेन्नई ले गई। उन्होंने बताया कि, यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच द्वारा की गई है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here