पुणे: महाराष्ट्र में अब सहकारी चीनी मिलों की तुलना में निजी चीनी मिलों की संख्या बढ़ गई है। ऐसे में निजी चीनी मिलों का प्रतिनिधित्व करने वाले वेस्ट इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (विस्मा) की भूमिका पर चीनी उद्योग की नजर रहती है। ‘विस्मा’ के अध्यक्ष बी. बी. ठोंबरे ने हाल ही में चीनी आयुक्तालय को पत्र लिखकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों की ओर ध्यान आकर्षित किया है।
केंद्र सरकार ने 2014-15 के गन्ना पेराई सीजन की बकाया एफआरपी (उचित एवं लाभकारी मूल्य) का भुगतान करने के लिए ‘सॉफ्ट लोन 2015’ योजना शुरू की थी। यह योजना देश की सभी सहकारी और निजी चीनी मिलों के लिए लागू थी। हालांकि, महाराष्ट्र सरकार ने केवल सहकारी चीनी मिलों को ही इस योजना के तहत राहत दी। ‘विस्मा’ के अनुसार, निजी चीनी मिलों का चार वर्षों का करीब 492 करोड़ रुपये का ब्याज अनुदान राज्य सरकार की ओर से अभी तक बकाया है। संगठन ने मांग की है कि, निजी चीनी मिलों को भी यह अनुदान राशि दी जानी चाहिए।
सहकारी और निजी मिलों के लिए समान नीति की मांग
‘विस्मा’ ने कहा है कि, केंद्र सरकार चीनी उद्योग को राहत और रियायतें देते समय निजी और सहकारी चीनी मिलों के बीच भेदभाव नहीं करती। इसी तरह राज्य सरकार को भी दोनों प्रकार की मिलों के लिए समान नीति अपनानी चाहिए।संगठन ने अपने पत्र में कहा है कि, 2025-26 के मौजूदा गन्ना पेराई सीजन के लिए सॉफ्ट लोन, वित्तीय राहत और अन्य रियायतें देने में राज्य सरकार की नीति केंद्र सरकार की तरह सहकारी और निजी दोनों चीनी मिलों के लिए समान होनी चाहिए। राहत और रियायतें देते समय किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए।
जल्दी गन्ना पेराई शुरू होने से नुकसान की आशंका
इस वर्ष गन्ने की पेराई जल्दी शुरू की जा रही है। इसके चलते 15 अक्टूबर से 15 नवंबर के बीच मिलों की औसत चीनी रिकवरी में 1 से 1.5 प्रतिशत तक की गिरावट आने की आशंका है। इससे चीनी मिलों को प्रति टन करीब 500 रुपये का नुकसान हो सकता है। वहीं, अपरिपक्व गन्ने की कटाई होने से किसानों को भी प्रति टन 350 रुपये तक का आर्थिक नुकसान होने की संभावना है। इसी को देखते हुए ‘विस्मा’ ने मांग की है कि, चीनी रिकवरी में संभावित गिरावट और किसानों के गन्ने के वजन में होने वाली कमी, दोनों को ध्यान में रखते हुए राज्य और केंद्र सरकार मिलकर प्रति टन 750 रुपये का विशेष वित्तीय सहयोग मंजूर करें।संगठन का कहना है कि, इस विशेष आर्थिक सहायता से शुरुआती पेराई के कारण चीनी मिलों और गन्ना किसानों पर पड़ने वाले संभावित वित्तीय दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।


















