यूरोपीय संघ में चीनी उत्पादन घटा रहीं बड़ी कंपनियां, यूक्रेन से आयात बना एक बड़ी वजह

ब्रसेल्स: यूरोपीय संघ में चीनी उद्योग दबाव में है और बड़ी चीनी कंपनियां अब उत्पादन में कटौती कर रही हैं।इसकी प्रमुख वजहों में यूरोप में चीनी की गिरती कीमतें और यूक्रेन से बढ़ता शुल्क-मुक्त आयात शामिल है। यूरोप की सबसे बड़ी चीनी उत्पादक कंपनी स्यूडज़ुकर एजी (Südzucker AG) ने वित्त वर्ष 2025-26 में अपने नतीजों में भारी गिरावट दर्ज की है। कंपनी का परिचालन लाभ घटकर 163 मिलियन यूरो रह गया, जो पिछले वर्ष 350 मिलियन यूरो था। वहीं कंपनी के शुगर कारोबार को 177 मिलियन यूरो का नुकसान हुआ है।

चीनी बिक्री से कंपनी की आय में भी करीब 28 प्रतिशत की गिरावट आई और यह घटकर 2.8 बिलियन यूरो रह गई। कंपनी के अनुसार, यूरोप में चीनी की कम कीमतें और बिक्री में कमी इसकी बड़ी वजह हैं। कंपनी पर दबाव बढ़ने के चलते स्यूडज़ुकर समूह ने चुकंदर की खेती का क्षेत्र 18 प्रतिशत घटाकर 3.05 लाख हेक्टेयर कर दिया है। वहीं चुकंदर पेराई भी घटाकर 24.8 मिलियन टन कर दिया गया है। मौजूदा सीजन में भी यह कटौती जारी है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इसी बीच यूरोप की एक अन्य बड़ी चीनी कंपनी फाइफर एंड लैंगेन (Pfeifer & Langen) ने किसानों के साथ अपने अनुबंध समाप्त करने शुरू कर दिए हैं। कंपनी ने चुकंदर प्रसंस्करण कम करने का फैसला लिया है, जिससे करीब 80 से अधिक फार्मों को नए अनुबंध नहीं मिलेंगे। सबसे ज्यादा असर उन किसानों पर पड़ा है जिनके खेत फैक्ट्री से 100 किलोमीटर से अधिक दूरी पर हैं। कंपनी इसे आर्थिक रूप से लाभकारी नहीं मान रही है, लेकिन किसानों ने इस फैसले की आलोचना की है। उनका कहना है कि अचानक अनुबंध खत्म होने से खेती की योजना और आमदनी दोनों प्रभावित होंगी।

किसानों का कहना है कि, एक बार अनुबंध छूटने के बाद दोबारा चुकंदर की खेती में लौटना आसान नहीं होगा। इससे कृषि लाभ पर दबाव बढ़ेगा। उद्योग संगठनों के मुताबिक, यूरोप में आने वाले समय में चीनी उत्पादन में और गिरावट देखने को मिल सकती है। अनुमान है कि 2026 में जर्मनी में चुकंदर की खेती का रकबा 12.6 प्रतिशत तक और घट सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here