किसानों के गन्ना भुगतान के लिए मिलों को 30 मार्च तक अल्टीमेटम; अप्रैल में होगी बड़ी कार्रवाई

सांगली (महाराष्ट्र): सांगली जिले के चीनी मिलों द्वारा किसानों के कुल 272 करोड़ 85 लाख 86 हजार रुपये के एफआरपी बकाया मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रादेशिक सह-संचालक (चीनी) ने संबंधित मिलों को 30 मार्च तक की अंतिम समय सीमा दी है और इसके बाद राजस्व वसूली (आरआरसी) के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। प्रादेशिक सह-संचालक (चीनी) संगीता डोंगरे ने बताया कि, इस संबंध में प्रस्ताव चीनी आयुक्त को भेजा जाएगा।

2025-26 के पेराई सत्र में जिले के 16 चीनी मिलों ने कुल 79 लाख 99 हजार 121 टन गन्ने की पेराई की, जिससे 84 लाख 57 हजार 455 क्विंटल चीनी का उत्पादन हुआ। लेकिन इस उत्पादन के बदले किसानों को मिलने वाली एफआरपी राशि समय पर नहीं दी गई।शुरुआत में कुल 365 करोड़ 21 लाख रुपये बकाया था।प्रशासन की नोटिस के बाद कुछ मिलों ने भुगतान किया, लेकिन अब भी बड़ी रकम बाकी है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

10 मार्च को प्रादेशिक सह-संचालक (चीनी) कार्यालय में बकाया रखने वाले मिलों की सुनवाई भी की गई। इस दौरान कुछ मिलों ने आर्थिक समस्याओं का हवाला देते हुए 30 मार्च तक का समय मांगा, जिसके बाद प्रशासन ने उन्हें अंतिम मौका दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, यदि 30 मार्च के बाद भी किसानों को 100% एफआरपी का भुगतान नहीं किया गया, तो 2 अप्रैल से संबंधित मिलों पर आरआरसी के तहत कार्रवाई शुरू की जाएगी और प्रस्ताव चीनी आयुक्त को भेजा जाएगा।

इस बीच, स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के जिला अध्यक्ष संदीप राजोबा ने कहा कि, 10 मिलों ने अभी तक एफआरपी का शत प्रतिशत भुगतान नहीं किया है। उन्होंने मांग की कि, बकाया राशि 15% ब्याज के साथ किसानों के खातों में जमा की जाए, अन्यथा मिलों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई हो। उन्होंने चेतावनी दी कि, यदि ऐसा नहीं हुआ, तो किसानों के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने आंदोलन किया जाएगा।

प्रादेशिक सह-संचालक (चीनी) संगीता डोंगरे ने ‘लोकमत’ को बताया कि, बकाया एफआरपी की वसूली के लिए मिलों को नोटिस जारी किए गए थे। सांगली जिले में 272 करोड़ 85 लाख 86 हजार रुपये अब भी बकाया हैं। मिलों को 30 मार्च तक का समय दिया गया है, इसके बाद आरआरसी के तहत कार्रवाई के लिए प्रस्ताव चीनी आयुक्त को भेजा जाएगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here