नई दिल्ली : मॉरीशस स्थित संस्थागत फंड क्राफ्ट इमर्जिंग मार्केट फंड ने बल्क डील के माध्यम से दावणगेरे शुगर कंपनी के 5 करोड़ शेयर 18 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य में खरीदे हैं। इकनॉमिक टाइम्स में प्रकाशित खबर में कहा गे है की, एनएसई के बल्क डील आंकड़ों के अनुसार, क्राफ्ट इमर्जिंग मार्केट फंड की दो सहयोगी इकाइयों — क्राफ्ट इमर्जिंग मार्केट फंड पीसीसी- सिटाडेल कैपिटल फंड और क्राफ्ट इमर्जिंग मार्केट फंड पीसीसी- एलीट कैपिटल फंड — ने दावणगेरे शुगर कंपनी के 2.5-2.5 करोड़ शेयर खरीदे। ये सौदे प्रति शेयर 3.65 रुपये की कीमत पर किए गए, जिससे कुल लेनदेन मूल्य लगभग 18.25 करोड़ रुपये रहा।
हिस्सेदारी खरीद के बाद दावणगेरे शुगर कंपनी के शेयर एनएसई पर लगभग 2 प्रतिशत बढ़त के साथ बंद हुए। कंपनी ने अपने बयान में कहा कि क्राफ्ट इमर्जिंग मार्केट फंड की भागीदारी कंपनी की दीर्घकालिक विकास रणनीति और भारत के विकसित हो रहे एथेनॉल क्षेत्र में उसकी मजबूत स्थिति पर भरोसे को दर्शाती है।कर्नाटक स्थित दावणगेरे शुगर एक एकीकृत चीनी और एथेनॉल कंपनी है, जो चीनी निर्माण, एथेनॉल उत्पादन और बिजली सह-उत्पादन के क्षेत्र में कार्यरत है। कंपनी की एथेनॉल उत्पादन क्षमता 150 केएलपीडी (किलो लीटर प्रतिदिन) है।


















