नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को निर्देश दिया कि, फ्रंट-ऑफ-पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FoPNL) नियमों के तहत चिंता वाले पोषक तत्व के रूप में ‘एडेड शुगर’ के बजाय ‘टोटल शुगर’ को शामिल किया जाए। डेक्कन क्रॉनिकल में प्रकाशित खबर के अनुसार, जस्टिस जे. बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने FSSAI से यह सुनिश्चित करने को कहा कि पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर चिंता वाले प्रत्येक पोषक तत्व के लिए अलग चेतावनी वाला षट्भुज (हेक्सागन) हो। इसके साथ संबंधित चित्रात्मक संकेत और “हाई शुगर”, “हाई फैट” या “हाई सॉल्ट” जैसे स्पष्ट शब्द भी लिखे जाएं।
अदालत ने नियामक संस्था को प्रत्येक पोषक तत्व के लिए निर्धारित सीमा स्तरों की दोबारा समीक्षा करने का भी निर्देश दिया। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि निर्धारित सीमा से कम मात्रा वाले मीठे पेय पदार्थों पर ऐसे लेबल न लगाए जाएं, जो सीमा से अधिक मात्रा वाले उत्पादों के चेतावनी चिह्नों जैसे दिखाई देते हों। पीठ ने FSSAI को लेबलिंग प्रणाली लागू होने के बाद उत्पादों में किए जाने वाले बदलावों पर नजर रखने को कहा। इसमें कृत्रिम परिरक्षकों (आर्टिफिशियल प्रिजर्वेटिव्स) और अन्य एडिटिव्स से जुड़े बदलाव भी शामिल हैं। अदालत ने नियामक संस्था को अपनी प्रस्तावित समय-सीमा के भीतर नियम लागू करने और देरी से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
यह आदेश सार्वजनिक धर्मार्थ ट्रस्ट ‘3S एंड आवर हेल्थ सोसाइटी’ की ओर से दायर आवेदन पर आया। इस आवेदन में पैकेज्ड खाद्य पदार्थों पर फ्रंट-ऑफ-पैकेज पोषण संबंधी लेबलिंग अनिवार्य करने की मांग की गई थी। इससे पहले 28 सितंबर को हुई सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI से नियमों को लागू करने की प्रस्तावित समय-सारिणी पर सवाल उठाए थे। तब नियामक संस्था ने अदालत को बताया था कि मसौदा नियमों को अंतिम रूप देने में उसे लगभग चार महीने लगेंगे। इसके बाद मसौदे को 60 दिनों के लिए प्रकाशित किया जाएगा, ताकि घरेलू परामर्श प्रक्रिया और विश्व व्यापार संगठन (WTO) के मंच के माध्यम से संबंधित पक्ष अपनी टिप्पणियां दे सकें।


















