अमेरिका ने ब्राजील से चीनी आयात पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया, सेक्शन 301 का हवाला

साओ पाउलो / वाशिंगटन : अमेरिका ने व्यापार अधिनियम 1974 की धारा 301 (Section 301) का हवाला देते हुए ब्राजील से होने वाले आयात पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है। इसमें चीनी के आयात पर विशेष शुल्क और तैयार विमानों के आयात पर 10 प्रतिशत टैरिफ शामिल है। हंस इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने यह कदम ब्राजील के साथ व्यापारिक विवाद के बीच उठाया है।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा कि, ब्राजील अब भी अमेरिका को बड़ी मात्रा में निर्धारित कोटा से अधिक चीनी और तैयार विमानों का निर्यात कर रहा है। इन उत्पादों को पहले लगाए गए शुल्कों से छूट प्राप्त थी।ग्रीर के मुताबिक, प्रस्तावित अतिरिक्त शुल्कों का उद्देश्य ब्राजील को बातचीत की मेज पर लाना है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, इससे पहले 20 जुलाई को अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने ब्राजील के कुछ उत्पादों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया था।

ChiniMandi WhatsApp Channel

अमेरिकी प्रस्ताव पर ब्राजील ने जताई कड़ी नाराजगी

ब्राजील सरकार ने अमेरिका के इस नए प्रस्ताव की आलोचना की है। उसका कहना है कि, सेक्शन 301 की कार्रवाई को लेकर वह एक साल से अधिक समय से वाशिंगटन के साथ सद्भावना के साथ बातचीत कर रही है। ब्राजील के राष्ट्रपति संचार कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि, अमेरिका ने अगस्त में संभावित द्विपक्षीय आर्थिक और व्यापार समझौते के लिए बातचीत की शर्तें साझा करने का आश्वासन दिया था।

हालांकि, बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद अमेरिका ने अब तक ये शर्तें साझा नहीं की हैं। ब्राजील सरकार ने आरोप लगाया कि, प्रस्तावित टैरिफ का उद्देश्य देश पर दबाव बनाकर PIX भुगतान प्रणाली, डिजिटल वाणिज्य और तरजीही व्यापार समझौतों से जुड़े घरेलू नियमों में बदलाव करवाना है।

ब्राजील बोला- दबाव के आगे नहीं झुकेंगे

ब्राजील ने जारी बातचीत के बीच अमेरिका की इस एकतरफा कार्रवाई को अस्वीकार्य बताया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि, वह ऐसी धमकियों के आगे नहीं झुकेगी। ब्राजील ने कहा कि, वह बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकालने के प्रयास जारी रखेगा। हालांकि, उसने विश्व व्यापार संगठन (WTO) का रुख करने और जवाबी कदम उठाने के विकल्प भी खुले रखे हैं।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here