महाराष्ट्र में बांस से एथेनॉल उत्पादन के लिए बनेगी आधुनिक प्रयोगशाला, वन मंत्री ने विधानसभा में की घोषणा

मुंबई : महाराष्ट्र सरकार राज्य में बांस से एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए एक स्वतंत्र अनुसंधान प्रयोगशाला स्थापित करेगी। इस परियोजना के लिए आवश्यक धनराशि भी राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी। यह घोषणा वन मंत्री गणेश नाइक ने गुरुवार को विधानसभा में की। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधायक महेश शिंदे द्वारा उठाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का जवाब देते हुए वन मंत्री ने यह जानकारी दी। विधायक महेश शिंदे ने सदन में कहा कि, बांस में मौजूद कार्बन तत्व का उपयोग फर्मेंटेशन प्रक्रिया के माध्यम से एथेनॉल उत्पादन के लिए किया जा सकता है।

उन्होंने सरकार से सवाल किया कि, क्या वन विभाग के माध्यम से इस दिशा में विशेष अनुसंधान संस्थान या अत्याधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की योजना है और इसके लिए आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस पर वन मंत्री गणेश नाइक ने कहा कि बांस से एथेनॉल उत्पादन के लिए अनुसंधान, तकनीकी विकास और व्यावसायिक उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आधुनिक प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि, इस परियोजना के लिए आवश्यक सभी वित्तीय संसाधन राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी।

ChiniMandi WhatsApp Channel

विधायक महेश शिंदे ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि, पारंपरिक गन्ना आधारित एथेनॉल के साथ-साथ बांस भविष्य में एक वैकल्पिक और टिकाऊ ऊर्जा स्रोत के रूप में उभर सकता है। उन्होंने कहा कि, यदि इस क्षेत्र में समर्पित अनुसंधान व्यवस्था विकसित की जाती है, तो महाराष्ट्र एथेनॉल उत्पादन और तकनीकी अनुसंधान के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बन सकता है। उन्होंने बताया कि, वह पहले भी विधानसभा में वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों से जुड़े कई मुद्दे उठा चुके हैं। अब बांस से एथेनॉल उत्पादन की दिशा में सरकार द्वारा उठाया गया यह सकारात्मक कदम राज्य में बांस की खेती को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों के लिए नए आय के अवसर भी पैदा कर सकता है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here