मोदी नेचुरल्स की इकाई OMCs को 7.82 करोड़ लीटर एथेनॉल की करेगी आपूर्ति; सहायक कंपनी की क्षमता बढ़कर 600 KLPD हुई

नई दिल्ली : मोदी नेचुरल्स लिमिटेड ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी मोदी बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से लगभग 495 करोड़ रुपये के एथेनॉल आपूर्ति ऑर्डर हासिल किए हैं। कंपनी ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज को दी गई नियामकीय जानकारी में यह बताया है। 12 नवंबर को दाखिल नियामकीय सूचना के अनुसार, मोदी बायोटेक को विभिन्न तेल विपणन कंपनियों (OMCs) से एथेनॉल आपूर्ति के लिए आवंटन मिला है। इसके तहत कंपनी एथेनॉल आपूर्ति वर्ष (ESY) 2026-27 के दौरान लगभग 7.82 करोड़ लीटर एथेनॉल की आपूर्ति करेगी। यह आपूर्ति अवधि 1 नवंबर 2026 से 31 अक्टूबर 2027 तक रहेगी।

इन ऑर्डरों का अनुमानित मूल्य लगभग 495 करोड़ रुपये है। कंपनी को उम्मीद है कि, एथेनॉल निर्माण प्रक्रिया के दौरान उप-उत्पाद भी तैयार होंगे, जिन्हें अलग से बेचा जाएगा। इससे कंपनी को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा। एथेनॉल आपूर्ति के ये ऑर्डर छत्तीसगढ़ स्थित मोदी बायोटेक के अनाज आधारित प्लांट के विस्तार परियोजना के पूरा होने के साथ मिले हैं।

ChiniMandi WhatsApp Channel

छत्तीसगढ़ प्लांट की क्षमता बढ़कर 600 KLPD हुई

कंपनी ने अलग से जानकारी दी है कि, मोदी बायोटेक ने छत्तीसगढ़ स्थित अपने विस्तारित अनाज आधारित एथेनॉल प्लांट में व्यावसायिक परिचालन भी शुरू कर दिया है। इस विस्तार के बाद प्लांट की स्थापित क्षमता बढ़कर 600 किलोलीटर प्रतिदिन (KLPD) हो गई है। कंपनी के एक अन्य नियामकीय खुलासे के अनुसार, विस्तारित क्षमता में 282 KLPD इथेनॉल उत्पादन क्षमता और अतिरिक्त 318 KLPD एथेनॉल/रेक्टिफाइड स्पिरिट (RS) उत्पादन क्षमता शामिल है।

मोदी नेचुरल्स का कहना है कि, बढ़ी हुई क्षमता से उत्पादन की मात्रा में वृद्धि, परिचालन दक्षता में सुधार और तेजी से बढ़ते एथेनॉल क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की कंपनी की क्षमता मजबूत होने की उम्मीद है। यह विस्तार भारत सरकार के एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (EBP) कार्यक्रम के अनुरूप भी है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पेट्रोल में एथेनॉल के मिश्रण को बढ़ावा देना है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि, एथेनॉल आपूर्ति के ये ऑर्डर घरेलू तेल विपणन कंपनियों (OMCs) की ओर से दिए गए हैं। साथ ही, कंपनी ने बताया कि, प्रमोटर समूह या समूह की किसी भी कंपनी का ऑर्डर देने वाली संस्थाओं में कोई हित नहीं है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here