नई दिल्ली : देश में पिछले कुछ सप्ताह के दौरान मानसून में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है, जिससे बारिश की कमी (वर्षा घाटा) में तेज़ी से गिरावट आई है। हालांकि, कैपिटल 360 की रिपोर्ट के अनुसार, खरीफ फसलों की धीमी बुवाई अब भी कृषि क्षेत्र के लिए एक बड़ी चिंता बनी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार तक देश में सामान्य से 15 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई, जबकि एक सप्ताह पहले यह कमी 38 प्रतिशत थी। इसका मुख्य कारण पिछले सप्ताह हुई जोरदार बारिश रही, जो सामान्य से 45 प्रतिशत अधिक दर्ज की गई। 8 जुलाई को समाप्त सप्ताह के दौरान देश में 83.6 मिमी वर्षा हुई, जबकि सामान्य स्तर 57.5 मिमी है।
देश के अधिकांश हिस्सों में बेहतर हुई बारिश
रिपोर्ट के अनुसार, बारिश में सुधार का असर अब भौगोलिक रूप से भी दिखाई दे रहा है। देश के 36 मौसम उपखंडों में से 25 में सामान्य या उससे अधिक वर्षा दर्ज की गई है। वहीं, देश के लगभग 49 प्रतिशत जिलों में सामान्य या अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। अच्छी बारिश के बावजूद खरीफ फसलों की बुवाई अपेक्षित गति नहीं पकड़ सकी है। रविवार तक कुल खरीफ बुवाई पिछले वर्ष की तुलना में 20.8 प्रतिशत कम रही।
फसलवार स्थिति इस प्रकार है, तिलहन: 39.3% कम, कपास: 22.9% कम, दलहन: 21.8% कम, मोटे अनाज: 16.4% कम, धान: 13.1% कम रही। वहीं, गन्ना एकमात्र प्रमुख फसल रही, जिसकी बुवाई में 1.6 प्रतिशत की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि, देश के प्रमुख जलाशयों में पानी का स्तर भी बेहतर हुआ है।गुरुवार तक जलाशयों में कुल क्षमता का 32.4 प्रतिशत पानी उपलब्ध था, जो पिछले सप्ताह की तुलना में अधिक है।
हालांकि, यह स्तर पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 36 प्रतिशत कम है, लेकिन पिछले 10 वर्षों के औसत से 7.5 प्रतिशत अधिक दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, हालिया बारिश ने मानसून की स्थिति में सुधार जरूर किया है, लेकिन आने वाले दिनों में खरीफ बुवाई की रफ्तार और देश के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा का समान वितरण कृषि उत्पादन के लिए सबसे महत्वपूर्ण कारक होंगे। इन दोनों पहलुओं पर पूरे कृषि क्षेत्र की नजर रहेगी।


















