कर्नाटक में जांच किए गए पांच में से चार पेट्रोल पंपों पर 20% से अधिक एथेनॉल मिला : मंत्री रिजवान अरशद

बेंगलुरु : कर्नाटक में जांच के दौरान पांच में से चार पेट्रोल पंपों पर निर्धारित 20 प्रतिशत की सीमा से अधिक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल बेचे जाने का मामला सामने आया है। राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रिजवान अरशद ने यह जानकारी दी। ‘द हिंदू’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस खुलासे से पेट्रोल की गुणवत्ता और एथेनॉल मिश्रण को लेकर नई बहस शुरू हो सकती है।मंत्री रिजवान अरशद ने शुक्रवार को बताया कि, तेल विपणन कंपनियों की ओर से आपूर्ति किए जा रहे पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा की जानकारी उपलब्ध नहीं कराए जाने के बाद राज्य सरकार ने विभिन्न जिलों से पेट्रोल के 63 नमूने एकत्र किए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रमाणित निजी प्रयोगशाला में भेजा गया था।

E20 पेट्रोल योजना के बीच सामने आया मामला

ChiniMandi WhatsApp Channel

भारत ने वर्ष 2025 में एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के तहत देशभर में E20 पेट्रोल की शुरुआत को तेज किया था। इस योजना का उद्देश्य कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करना, प्रदूषण और उत्सर्जन घटाना तथा घरेलू एथेनॉल उत्पादकों को बढ़ावा देना है।हालांकि, कर्नाटक में सामने आए जांच के नतीजों से पेट्रोल की गुणवत्ता, वाहनों की अनुकूलता और माइलेज को लेकर चिंताएं बढ़ सकती हैं। देशभर में E20 पेट्रोल की बिक्री बढ़ने के बाद से विपक्षी दलों और वाहन चालकों की ओर से इन मुद्दों पर सवाल उठाए जाते रहे हैं।

20% से अधिक एथेनॉल मिश्रण को लेकर केंद्र के बयानों में अंतर

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब केंद्र सरकार की ओर से 20 प्रतिशत से अधिक इथेनॉल मिश्रण की संभावना को लेकर अलग-अलग बयान दिए गए हैं।केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जून में कहा था कि, भारत में फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के लिए धीरे-धीरे E85 पेट्रोल पेश किया जाएगा। इस पेट्रोल में 85 प्रतिशत एथेनॉल होगा। वहीं, इसके एक महीने बाद पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने कहा था कि, सरकार की फिलहाल पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की मौजूदा 20 प्रतिशत सीमा से आगे बढ़ने की कोई तत्काल योजना नहीं है।

केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया का इंतजार

कर्नाटक में पेट्रोल के नमूनों की जांच में सामने आए निष्कर्षों पर टिप्पणी के लिए केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय से संपर्क किया गया था, लेकिन तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।इस मामले के सामने आने के बाद पेट्रोल में एथेनॉल की निर्धारित मात्रा, ईंधन की गुणवत्ता और वाहनों पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर चर्चा तेज होने की संभावना है।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here