नई दिल्ली : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने E20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल को लेकर हो रही आलोचनाओं और वाहनों के माइलेज में कमी की शिकायतों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आलोचकों को चुनौती दी कि, वे ऐसी एक भी कार का नाम बताएं, जिसे E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से कोई तकनीकी खराबी हुई हो। नई दिल्ली में आयोजित ‘विकसित भारत कॉन्क्लेव’ को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा, “देश में ऐसी एक भी कार का उदाहरण नहीं है, जिसे E20 पेट्रोल के कारण कोई समस्या हुई हो। यदि किसी कार में ऐसी दिक्कत आई है तो उसका नाम बताइए।” उन्होंने आरोप लगाया कि, अधिक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर झूठी और भ्रामक बातें फैलाई जा रही हैं। उनके अनुसार, “E20 पेट्रोल के खिलाफ चलाए जा रहे कई अभियान प्रायोजित (पेड) हैं और लोगों को गुमराह करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे हैं।”
आयातित तेल पर निर्भरता कम करना जरूरी…
गडकरी ने कहा कि, भारत हर वर्ष कच्चे तेल और ईंधन के आयात पर लगभग 22 लाख करोड़ रुपये खर्च करता है। ऐसे में स्वच्छ ऊर्जा और एथेनॉल जैसे वैकल्पिक ईंधनों को बढ़ावा देना देश की आर्थिक और पर्यावरणीय जरूरत है।उन्होंने बताया कि भारत पहले ही पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (E20) का लक्ष्य हासिल कर चुका है। गन्ना, मक्का और चावल जैसे जैविक स्रोतों से बनने वाला एथेनॉल आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन में भी कमी लाता है।
ब्राजील का दिया उदाहरण…
गडकरी ने कहा कि भारत के विपरीत ब्राजील में उपभोक्ताओं को पेट्रोल पंपों पर अलग-अलग एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन चुनने का विकल्प मिलता है। वहां अधिक एथेनॉल मिश्रित ईंधन पर कीमत में भी छूट दी जाती है।अपने परिवार की कंपनियों द्वारा एथेनॉल उत्पादन किए जाने और इसी कारण एथेनॉल मिश्रित ईंधन को बढ़ावा देने के आरोपों पर गडकरी ने कहा कि, उनके परिवार के पास चीनी मिलें हैं, लेकिन उनका कारोबार एथेनॉल उत्पादन पर निर्भर नहीं है।
मक्का किसानों की आय में 45 हजार करोड़ रुपये की बढ़ोतरी…
गडकरी ने कहा कि, देश में एथेनॉल की बढ़ती मांग के कारण मक्का से एथेनॉल बनाने का निर्णय किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित हुआ है। उन्होंने बताया कि पहले मक्का का बाजार भाव करीब 1,200 रुपये प्रति क्विंटल था, जबकि न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 1,800 रुपये प्रति क्विंटल था। एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा मिलने के बाद मक्का का बाजार भाव बढ़कर 2,800 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया।उन्होंने दावा किया कि, इस फैसले से उत्तर प्रदेश और बिहार के किसानों की आय में लगभग 45,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी हुई है।
E85 और E100 जैसे ईंधनों को बढ़ावा देने की तैयारी…
गडकरी ने बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में संशोधन का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। इसके तहत E85 (85 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल), E100 (लगभग शुद्ध एथेनॉल), B100 बायोडीजल तथा हाइड्रोजन-सीएनजी जैसे वैकल्पिक ईंधनों के व्यापक उपयोग का रास्ता साफ किया जाएगा।इन संशोधनों के लागू होने के बाद सभी श्रेणियों के वाहनों के लिए फ्लेक्स-फ्यूल और शुद्ध जैव-ईंधन आधारित वाहनों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

















