नई दिल्ली: एथेनॉल मिश्रण पर आयोजित एक चर्चा में विशेषज्ञों ने एथेनॉल उत्पादन के लिए चावल और अन्य फसलों के उपयोग को लेकर अधिक जवाबदेही और निगरानी की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि, क्या मौजूदा नीति वास्तव में उपभोक्ताओं, किसानों और देश की अर्थव्यवस्था को वह लाभ पहुंचा रही है, जिसका दावा किया जा रहा है। सोमवार को इंडियन वुमेन्स प्रेस कॉर्प्स (आईडब्ल्यूपीसी) में आयोजित इस चर्चा में सरकार की ईंधन नीति, एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम और उसके अर्थव्यवस्था, कृषि, खाद्य सुरक्षा तथा पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभावों की समीक्षा की गई।
विशेषज्ञों ने एथेनॉल की लागत, पेट्रोल की कीमतों, किसानों को किए गए भुगतानों तथा चावल और अन्य फसलों को ईंधन के कच्चे माल (फीडस्टॉक) के रूप में उपयोग करने के आर्थिक और खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रभावों का स्वतंत्र मूल्यांकन कराने की मांग की। ऊर्जा विशेषज्ञ डी. रघुनंदन ने कहा कि, एथेनॉल की ऊर्जा क्षमता पेट्रोल की तुलना में कम होती है, इसलिए समान ऊर्जा प्राप्त करने के लिए अधिक एथेनॉल की आवश्यकता पड़ती है। उनके अनुसार, इससे वाहनों के संचालन की लागत बढ़ सकती है, जिसमें मरम्मत और रखरखाव का खर्च भी शामिल है, और अंततः इसका अतिरिक्त आर्थिक बोझ उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
उन्होंने सवाल किया, “इस बात का प्रमाण कहां है कि किसानों को वास्तव में अधिक लाभ मिल रहा है?” उन्होंने यह भी मांग की कि एथेनॉल उत्पादन में वृद्धि से होने वाला लाभ किसानों तक प्रत्यक्ष रूप से पहुंच रहा है या नहीं, इस बारे में पारदर्शिता लाई जाए। रघुनंदन ने कहा कि, इस कार्यक्रम का सबसे अधिक लाभ डिस्टिलरियों को मिलता दिखाई देता है, क्योंकि उद्योग को अपने निवेश की भरपाई का भरोसा दिया गया है। उन्होंने इस दावे पर भी सवाल उठाया कि एथेनॉल उत्पादन के लिए केवल निम्न गुणवत्ता वाले चावल का उपयोग किया जा रहा है। उनके अनुसार, ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि अच्छी गुणवत्ता वाला चावल भी एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ा जा रहा है।
ब्राजील का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि, वहां एथेनॉल पेट्रोल की तुलना में काफी सस्ता उपलब्ध है और उपभोक्ताओं के पास फ्लेक्स-फ्यूल वाहन जैसे विकल्प भी हैं। उन्होंने कहा कि, भारत को यह मूल्यांकन करना चाहिए कि उसका एथेनॉल मिश्रण मॉडल उपभोक्ताओं को इसी प्रकार का लाभ दे रहा है या नहीं। पूर्व कृषि सचिव सिराज हुसैन ने कहा कि केंद्र सरकार ने दूसरी पीढ़ी (2जी) के एथेनॉल परियोजनाओं में, विशेष रूप से असम में बांस आधारित परियोजनाओं सहित, बड़े पैमाने पर निवेश किया है, लेकिन इन परियोजनाओं से अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं।
उन्होंने बताया कि, सरकार ने लगभग 42,000 करोड़ रुपये के ऋण उपलब्ध कराकर देश में 20 अरब लीटर एथेनॉल उत्पादन क्षमता विकसित की है, जबकि अनुमानित आवश्यकता 13 अरब लीटर है। कृषि अर्थशास्त्री रमेश चंद ने कहा कि यदि किसान ऊंचे क्षेत्रों में धान की खेती छोड़कर दलहन और तिलहन की खेती अपनाते हैं, तो इससे पर्यावरणीय लाभ हो सकते हैं। उनके अनुसार, इस बदलाव से मीथेन उत्सर्जन में कमी लाने में भी मदद मिल सकती है।


















