काठमांडू : महोत्तरी जिले के गन्ना किसानों को लंबे समय से लंबित उनकी फसल का लगभग 2 अरब रुपये (करीब 200 करोड़ रुपये) का भुगतान कर दिया गया है। यह राशि किसानों को दो चीनी मिलों को आपूर्ति किए गए गन्ने के बदले दी गई है। जिला प्रशासन कार्यालय, महोत्तरी के अनुसार, गौशाला नगरपालिका-1 स्थित एवरेस्ट शुगर एंड केमिकल इंडस्ट्रीज तथा गौशाला-12 स्थित सिद्धिविनायक शुगर एंड केमिकल इंडस्ट्रीज ने किसानों को कुल 1.76 अरब रुपये (लगभग 176 करोड़ रुपये) का भुगतान किया है।
चालू वित्तीय वर्ष के दौरान किसानों ने इन दोनों चीनी मिलों को लगभग 28 लाख क्विंटल गन्ने की आपूर्ति की थी। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कामेश्वर यादव ने बताया कि, उसी के आधार पर भुगतान की गणना कर किसानों का बकाया राशि का निपटारा किया गया। हालांकि, किसानों को सरकार की ओर से मिलने वाली अनुदान राशि का भुगतान अभी बाकी है। इसके लिए जिला प्रशासन ने जिला लेखा नियंत्रक कार्यालय को पत्र भेजा है। जिला भुगतान समिति ने अपने पत्र में किसानों के लिए 20.7 करोड़ रुपये के लंबित अनुदान का उल्लेख किया है।मुख्य जिला अधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला भुगतान समिति ने भरोसा जताया है कि चालू वित्तीय वर्ष के भीतर किसानों द्वारा चीनी मिलों को दी गई नकदी फसल का पूरा भुगतान सुनिश्चित कर दिया जाएगा।


















