नई दिल्ली : उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने कहा कि, सरकार को अब तक E20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) ईंधन के संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, यदि भविष्य में इस संबंध में कोई शिकायत आती है, तो उसे कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। नई दिल्ली में आयोजित फिक्की मैसमराइज़ 2026 रिटेल, एफएमसीजी और ई-कॉमर्स सम्मेलन के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए निधि खरे ने कहा कि सर्विस चार्ज के मामलों में स्थिति बिल्कुल अलग है। उन्होंने बताया कि सरकार को इस विषय पर बड़ी संख्या में शिकायतें मिल रही हैं और अब तक होटलों और रेस्तरां को 60 से अधिक नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
त्योहारी सीजन में दालों की कीमतों पर महंगाई की आशंका नहीं
दालों की संभावित कीमत वृद्धि को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि, फिलहाल महंगाई बढ़ने की कोई आशंका नहीं है, क्योंकि दालों के दाम नियंत्रण में हैं। इस वर्ष मानसून अच्छा रहा है और बुवाई का रकबा भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि अब एल नीनो का खतरा नहीं रहा, हालांकि बुवाई में 14-15 दिन की देरी हो सकती है। स्थिति की स्पष्ट तस्वीर 15 अगस्त तक सामने आ जाएगी। उन्होंने बताया कि, सरकार के पास दालों का पर्याप्त बफर स्टॉक उपलब्ध है और पश्चिम एशिया में हालिया संकट के बावजूद दालों की कीमतें अब तक स्थिर बनी हुई हैं। दालों की आवक और उपलब्ध भंडार पर्याप्त है, इसलिए आपूर्ति में कुछ देरी संभव होने के बावजूद कीमतों पर इसका विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है।
गुणवत्ता मानकों पर उद्योग को मजबूत व्यवस्था बनाने की जरूरत
गुणवत्ता मानकों के संबंध में निधि खरे ने कहा कि निर्धारित मानकों को पूरा किए बिना किसी उत्पाद का बाजार तक पहुंचना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता पहले की तुलना में अधिक जागरूक हो रहे हैं, इसलिए उद्योग के लिए गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि, राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पर ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें नए उत्पाद जल्दी खराब हो जाते हैं और आवश्यकता पड़ने पर उनकी मरम्मत नहीं की जाती। यहां तक कि कई उपभोक्ता भुगतान करने के लिए तैयार होने के बावजूद उन्हें पूरी सेवा नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह संकेत है कि उद्योग को अपनी सेवा और शिकायत निवारण व्यवस्था को अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने की आवश्यकता है।


















