नई दिल्ली: संसद के चल रहे मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में यह सवाल उठाया गया कि, क्या सरकार ने E20 (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) की देशव्यापी उपलब्धता का उन वाहनों पर प्रभाव आंका है, जिनका निर्माण E20 अनुकूलता मानकों के लागू होने से पहले हुआ था। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जवाब में कहा कि सरकार को वाहन निर्माताओं, ऑटोमोबाइल संगठनों या उपभोक्ता संगठनों की ओर से E20 ईंधन के कारण इंजन खराब होने, फ्यूल पंप में समस्या, जंग लगने, पानी के प्रदूषण या अन्य प्रदर्शन संबंधी किसी व्यापक और प्रमाणित शिकायत की जानकारी नहीं मिली है।
मीडिया और सोशल मीडिया पर उठी चिंताओं की वैज्ञानिक जांच
गडकरी ने बताया कि, सरकार ने मीडिया और सोशल मीडिया पर उठाई गई कुछ चिंताओं का संज्ञान लिया था और उनकी वैज्ञानिक जांच कराई गई। उन्होंने कहा कि, ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एआरएआई), सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (आईआईपी) और वाहन निर्माताओं द्वारा व्यापक प्रयोगशाला परीक्षण और वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षण किए गए। इन अध्ययनों में इंजन की टिकाऊ क्षमता, वाहन संचालन, स्टार्ट होने की क्षमता, जंग प्रतिरोध, सामग्री अनुकूलता और उत्सर्जन जैसे सभी महत्वपूर्ण मानकों का परीक्षण किया गया और यह पुष्टि हुई कि निर्धारित मानकों के अनुसार ई20 ईंधन सुरक्षित है।
ईंधन दक्षता में 2-6 प्रतिशत तक कमी
सरकार के अनुसार, इन अध्ययनों में ईंधन दक्षता (माइलेज) में 2 से 6 प्रतिशत तक कमी का संकेत मिला है। हालांकि, परीक्षणों से यह भी स्पष्ट हुआ कि पुराने या पारंपरिक (लीगेसी) वाहनों के प्रदर्शन में कोई महत्वपूर्ण अंतर या असामान्य घिसावट नहीं देखी गई।गडकरी ने बताया कि, E15 से अधिक इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल का देशभर में साढ़े तीन वर्षों से अधिक समय से व्यापक उपयोग हो रहा है, जबकि E19-E20 ईंधन का उपयोग ढाई वर्षों से अधिक समय से किया जा रहा है।
माइलेज पर कई अन्य कारकों का भी असर
मंत्री ने कहा कि, किसी वाहन का माइलेज केवल ईंधन के प्रकार पर निर्भर नहीं करता, बल्कि ड्राइविंग की आदतें, इंजन ऑयल बदलना, एयर फिल्टर की सफाई, टायर का दबाव और एलाइनमेंट तथा एयर कंडीशनर का उपयोग जैसे कई कारक भी माइलेज को प्रभावित करते हैं।
E10 की तुलना में बेहतर प्रदर्शन और कम प्रदूषण
गडकरी ने बताया कि E20 ईंधन, E10 ईंधन की तुलना में बेहतर एक्सेलरेशन, अधिक आरामदायक ड्राइविंग अनुभव और लगभग 30 प्रतिशत कम कार्बन उत्सर्जन प्रदान करता है।उन्होंने कहा कि अधिक इथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन से अधिक स्वच्छ और पूर्ण दहन होता है, जिससे कणीय प्रदूषण (पार्टिकुलेट मैटर) लगभग शून्य स्तर तक पहुंच जाता है और शहरी क्षेत्रों की वायु गुणवत्ता में सुधार होता है।


















