नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के दौरान सरकार से यह पूछा गया कि, E20 पेट्रोल के उपयोग से माइलेज में कमी, फ्यूल सिस्टम की खराबी, इंजन डैमेज, पुर्जों के बदलाव या वाहन वारंटी खारिज होने से संबंधित कितनी शिकायतें सरकार, तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) या सार्वजनिक क्षेत्र के पेट्रोल पंपों को प्राप्त हुई हैं। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने लिखित उत्तर में बताया कि, एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) कार्यक्रम को नीति आयोग, वाहन निर्माताओं, तेल विपणन कंपनियों, ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एआरएआई), सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (आईआईपी) और अन्य तकनीकी संस्थानों के परामर्श तथा वैज्ञानिक परीक्षणों के आधार पर चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया है।
उन्होंने बताया कि, ईएसवाई 2014-15 से अब तक इस कार्यक्रम से 1.97 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा बचत हुई है, लगभग 316 लाख मीट्रिक टन कच्चे तेल का आयात प्रतिस्थापित हुआ, 952 लाख मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आई और भारतीय किसानों को 1.66 लाख करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई है। सरकार ने स्पष्ट किया कि उसे E20 पेट्रोल के कारण इंजन फेल होने, फ्यूल पंप खराब होने, जंग लगने, पानी की मिलावट से नुकसान या अन्य प्रदर्शन संबंधी समस्याओं को लेकर वाहन निर्माताओं, ऑटोमोबाइल संगठनों या उपभोक्ता संगठनों से कोई व्यापक या प्रमाणित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, मीडिया और सोशल मीडिया पर उठाई गई कुछ आशंकाओं का सरकार ने संज्ञान लिया और उनका वैज्ञानिक परीक्षण कराया।
वैज्ञानिक परीक्षणों में E20 सुरक्षित पाया गया
सरकार के अनुसार, एआरएआई, सियाम, इंडियन ऑयल, आईआईपी और वाहन निर्माताओं द्वारा किए गए व्यापक प्रयोगशाला परीक्षणों और फील्ड ट्रायल में इंजन की टिकाऊ क्षमता, वाहन संचालन, स्टार्ट होने की क्षमता, जंग प्रतिरोध, सामग्री की अनुकूलता, उत्सर्जन और ईंधन दक्षता जैसे मानकों का परीक्षण किया गया।
इन अध्ययनों में यह पुष्टि हुई कि निर्धारित मानकों के अनुसार ई20 ईंधन पूरी तरह सुरक्षित है। परीक्षणों में यह भी पाया गया कि पुराने (लेगेसी) वाहनों में ई20 के कारण प्रदर्शन में कोई महत्वपूर्ण अंतर या असामान्य घिसावट नहीं होती।सरकार ने कहा कि प्रयोगशाला परीक्षणों, फील्ड वैलिडेशन और वास्तविक संचालन अनुभव के आधार पर E20 ईंधन के कारण वाहन प्रदर्शन पर कोई व्यापक प्रतिकूल प्रभाव स्थापित नहीं हुआ है।
सरकार ने बताया कि, E15+ मिश्रित पेट्रोल पिछले साढ़े तीन वर्षों से और E19-E20 ईंधन पिछले ढाई वर्षों से देशभर में व्यापक रूप से उपयोग में है। इस अवधि में 20 करोड़ से अधिक दोपहिया वाहन और 3 करोड़ से अधिक पेट्रोल कारें इन मिश्रणों पर संचालित हुई हैं, लेकिन E20 के कारण व्यापक इंजन विफलता या असामान्य घिसावट का कोई सत्यापित प्रमाण नहीं मिला है। वाहन निर्माताओं के सर्विस डेटा से भी यह पुष्टि हुई है कि E20 के कारण जंग, घिसावट या वाहन की आयु में कमी नहीं होती। वाहन निर्माता E20 ईंधन का उपयोग करने वाले वाहनों की वारंटी भी सामान्य रूप से मान्य रख रहे हैं।
ईंधन गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कड़े मानक
सरकार ने बताया कि, पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध एथेनॉल मिश्रित मोटर स्पिरिट (ईबीएमएस) भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के निर्धारित मानकों के अनुरूप होती है। तेल विपणन कंपनियों ने ईंधन की प्राप्ति, निरीक्षण, सैंपलिंग, भंडारण और बिक्री के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है। मानसून के दौरान पानी की मिलावट रोकने के लिए पेट्रोल पंपों के टैंकों का नियमित वॉटर-इन्ग्रेस ऑडिट किया जाता है। डीलरों को पानी के स्तर की नियमित निगरानी करनी होती है, जबकि ऑटोमेटेड टैंक गेजिंग (एटीजी) प्रणाली लगातार पानी का स्तर मापती रहती है। यदि निर्धारित सीमा से अधिक पानी पाया जाता है, तो प्रणाली स्वतः उस टैंक से ईंधन की बिक्री रोक देती है और सुधारात्मक कार्रवाई के बाद ही बिक्री फिर से शुरू होती है।
शिकायतों के लिए मजबूत व्यवस्था
सरकार ने बताया कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने उपभोक्ता शिकायत निवारण की मजबूत व्यवस्था स्थापित की है। उपभोक्ता पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध शिकायत रजिस्टर, टोल-फ्री नंबर, कंपनी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, सीआरएम प्रणाली, सोशल मीडिया, ई-मेल और सीपीग्राम्स (CPGRAMS) के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं।प्रत्येक शिकायत की जांच निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध तरीके से की जाती है।
जन-जागरूकता अभियान भी जारी
सरकार ने कहा कि उपभोक्ताओं को E20 ईंधन की तकनीकी अनुकूलता, सभी पेट्रोल वाहनों में इसके सुरक्षित उपयोग, तथा पर्यावरण और ऊर्जा सुरक्षा के लाभों के बारे में जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।तेल विपणन कंपनियां उपभोक्ताओं से प्राप्त फीडबैक की नियमित समीक्षा करती हैं और आवश्यकता होने पर सुधारात्मक कदम उठाती हैं, ताकि एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (ईबीपी) कार्यक्रम के प्रति उपभोक्ताओं का विश्वास बना रहे।

















