मुंबई: जैव-समाधान (बायोसॉल्यूशंस) क्षेत्र की कंपनी नोवोनेसिस महाराष्ट्र के पातालगंगा स्थित अपने संयंत्र का विस्तार करेगी और यहां दुनिया की सबसे उन्नत एंजाइम उत्पादन सुविधाओं में से एक स्थापित करेगी। कंपनी इस परियोजना पर 6,660 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगी। कंपनी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस निवेश से नोवोनेसिस की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, जिससे दुनिया भर में उसके बायोसॉल्यूशंस की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही, इससे कंपनी के वैश्विक आपूर्ति नेटवर्क की लचीलापन और मजबूती भी बढ़ेगी। पातालगंगा संयंत्र का विस्तार नोवोनेसिस की रणनीति में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है और कंपनी के विकास लक्ष्यों को हासिल करने में इसकी अहम भूमिका होगी। यह सुविधा 2030 तक पूरी तरह परिचालन में आने की उम्मीद है। यहां एंजाइम का उत्पादन किया जाएगा, जिनका इस्तेमाल जैव ईंधन, घरेलू देखभाल तथा खाद्य एवं पेय पदार्थों समेत कई उद्योगों में होता है।
सतत विकास की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा
कंपनी की अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस्टर बैगेट ने कहा कि, यह निवेश कंपनी की रणनीति को लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और सतत विकास के लिए कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि, पातालगंगा संयंत्र का विस्तार दुनिया भर के ग्राहकों को बेहतर तरीके से सेवाएं देने की कंपनी की क्षमता को मजबूत करेगा और शेयरधारकों के लिए दीर्घकालिक मूल्य सृजित करने में मदद करेगा। नई अत्याधुनिक सुविधा को नोवोनेसिस के वैश्विक उत्पादन नेटवर्क के साथ एकीकृत किया जाएगा। इससे कंपनी को मध्य पूर्व, अफ्रीका, भारत और व्यापक दक्षिण एशिया जैसे उभरते बाजारों के ग्राहकों के और करीब पहुंचने में मदद मिलेगी। कंपनी के अनुसार, ये बाजार उसके कारोबार का महत्वपूर्ण और तेजी से बढ़ता हिस्सा हैं तथा आने वाले वर्षों में इनके विकसित बाजारों की तुलना में अधिक तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।
वैश्विक उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर जोर
नोवोनेसिस के मुख्य परिचालन अधिकारी एंडर्स लुंड ने कहा कि विभिन्न उद्योगों और क्षेत्रों में बायोसॉल्यूशंस की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में वैश्विक उत्पादन क्षमता का विस्तार कंपनी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि, पातालगंगा संयंत्र का विस्तार कंपनी की उत्पादन क्षमता, परिचालन मजबूती, दक्षता और आपूर्ति में लचीलापन बढ़ाएगा। साथ ही, इससे प्रमुख विकास बाजारों में ग्राहकों के करीब पहुंचकर उनकी जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी।पातालगंगा परियोजना उन कई निवेशों में शामिल है, जिनके जरिए नोवोनेसिस अपनी वैश्विक उत्पादन व्यवस्था को मजबूत कर रही है। कंपनी ने रेयॉन्ग (थाईलैंड), फ्रैंकलिन्टन (नॉर्थ कैरोलिना), ताइकांग (चीन), अराउकारिया (ब्राजील) और वेस्ट एलिस (विस्कॉन्सिन) स्थित अपनी उत्पादन सुविधाओं का भी विस्तार किया है। कंपनी के अनुसार, ये निवेश उसकी रणनीति और पहले घोषित पूंजीगत व्यय योजनाओं के अनुरूप हैं।
भारत की जैव-अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
नोवोनेसिस के मध्य पूर्व, भारत और अफ्रीका क्षेत्र के अध्यक्ष कृष्ण मोहन पुव्वाड़ा ने कहा कि यह निवेश कंपनी के दीर्घकालिक विकास लक्ष्यों को समर्थन देने के साथ-साथ भारत की तेजी से बढ़ती जैव-अर्थव्यवस्था (बायोइकोनॉमी) को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा BioE3 नीति शुरू किए जाने के साथ देश ने आत्मनिर्भर और नेट-जीरो कार्बन भविष्य के लिए बायोसॉल्यूशंस की आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय क्षमता को सामने लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पातालगंगा में उत्पादन और नवाचार क्षमता का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि भारत में मजबूत मौजूदगी और निवेश की ठोस योजनाओं के साथ कंपनी ऊर्जा, खाद्य एवं पेय पदार्थ, पशु आहार और औद्योगिक बायोप्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने और बायोसॉल्यूशंस को तेजी से अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कम पानी और ऊर्जा की खपत वाली होगी सुविधा
पातालगंगा में बनने वाली नई सुविधा को कम पानी और ऊर्जा की खपत को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। कंपनी के अनुसार, मीठे पानी की रीसाइक्लिंग से संयंत्र द्वारा बाहर से लिए जाने वाले पानी की मात्रा कम होगी। वहीं, एकीकृत हीट पंप तकनीक से संयंत्र के संचालन के लिए आवश्यक ऊर्जा में कमी आएगी। इन उपायों से संयंत्र को स्कोप-1 और स्कोप-2 उत्सर्जन कम करने की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। एंडर्स लुंड ने कहा कि कंपनी द्वारा बनाई जाने वाली हर सुविधा का लक्ष्य कम संसाधनों में अधिक उत्पादन करना होना चाहिए। पातालगंगा परियोजना में कंपनी ने अपने वैश्विक उत्पादन नेटवर्क से मिली सीख को शामिल किया है और यह सुविधा शून्य-उत्सर्जन उत्पादन की दिशा में कंपनी को एक कदम और आगे ले जाएगी।















