नेटवर्क और नीतिगत बाधाओं के चलते ओडिशा धान निर्यात लक्ष्य से पीछे

भुवनेश्वर: देश के सबसे बड़े धान अधिशेष राज्यों में शामिल ओडिशा अब भी चावल निर्यात के क्षेत्र में एक सीमित खिलाड़ी बना हुआ है। उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों का कहना है कि, कड़े नीतिगत प्रावधानों और समर्पित निर्यात तंत्र की कमी के कारण राज्य अपनी पूरी क्षमता का लाभ नहीं उठा पा रहा है। उद्योग के अनुमान के अनुसार, ओडिशा से सालाना चावल निर्यात केवल 300 से 400 करोड़ रुपये के आसपास है। इसमें भी अधिकांश निर्यात पड़ोसी राज्यों आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के व्यापारियों एवं प्रोसेसरों के माध्यम से होता है। यह आंकड़ा राज्य के 2036 तक 6,700 करोड़ रुपये और 2047 तक 10,000 करोड़ रुपये के निर्यात लक्ष्य से काफी कम है।

उद्योग प्रतिनिधियों के अनुसार सबसे बड़ी बाधा राज्य की नियंत्रित कृषि विपणन व्यवस्था है। मौजूदा खाद्य एवं खरीद नीति के तहत कस्टम राइस मिलरों को सरकारी अनुमति के बिना धान खरीदने या चावल बेचने की छूट नहीं है। इससे निजी व्यापार सीमित हुआ है और निर्यात केंद्रित निवेश को भी झटका लगा है। हालांकि, खरीफ विपणन सीजन (केएमएस) 2025-26 की नीति में कुछ शर्तों के साथ ‘फ्री सेल’ का प्रावधान किया गया है, लेकिन राज्य के राइस मिलरों का मानना है कि प्रतिस्पर्धी बाजार विकसित करने के लिए व्यापक सुधारों की जरूरत है।

ChiniMandi WhatsApp Channel

इस मामले में पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ ओडिशा से काफी आगे निकल चुका है।वहां विनियमित बाजार समितियों (आरएमसी) के माध्यम से धान व्यापार को उदार बनाया गया है, जिससे व्यापारी और मिलर खुलकर खरीद कर रहे हैं और मजबूत निर्यात तंत्र विकसित हुआ है।राज्य के एक प्रमुख राइस मिलर के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ ने 10,000 करोड़ रुपये से अधिक का चावल निर्यात किया। हाल ही में एपीडा (APEDA) के सहयोग से राज्य ने 20 टन फोर्टिफाइड चावल पापुआ न्यू गिनी को भी निर्यात किया।

उत्पादन और मिलिंग क्षमता में मजबूत ओडिशा…

वर्ष 2024-25 के खरीफ विपणन सीजन में ओडिशा ने लगभग 195 लाख मीट्रिक टन धान का उत्पादन किया। इनमें से सरकार ने 92.38 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद की, जो कुल उत्पादन का 47.37 प्रतिशत है। इससे 102 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान वाणिज्यिक बिक्री के लिए उपलब्ध रहा।राज्य में 1,418 संचालित राइस मिलें हैं, जिनकी संयुक्त मिलिंग क्षमता लगभग 94,656 मीट्रिक टन प्रतिदिन है। इस क्षमता के आधार पर सरकारी खरीदे गए धान की मिलिंग लगभग तीन महीने में पूरी की जा सकती है। हालांकि यह राज्य की कुल मिलिंग क्षमता का केवल 33 प्रतिशत ही उपयोग है।

सुधारों से बन सकता है बड़ा निर्यात केंद्र…

ऑल ओडिशा राइस मिलर्स एसोसिएशन के महासचिव लक्ष्मीनारायण दीपक रंजन दास ने दि न्यू इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि, बंदरगाहों तक पहुंच, प्रचुर मात्रा में कच्चा माल और वैश्विक बाजार में उसना व विशेष किस्म के चावल की बढ़ती मांग को देखते हुए ओडिशा के पास बड़ा निर्यात केंद्र बनने की पूरी क्षमता है। उन्होंने सुझाव दिया कि, सरकार को खरीद नीति में सुधार, बाजार संबंधी प्रतिबंधों में ढील, राइस एक्सपोर्ट क्लस्टर की स्थापना, जीआई टैग और विशेष किस्म के चावल को बढ़ावा, समर्पित राइस एक्सपोर्ट प्रमोशन सेल का गठन तथा नियमित अंतरराष्ट्रीय खरीदार-विक्रेता सम्मेलन आयोजित करने जैसे कदम उठाने चाहिए। उनका कहना है कि, इन सुधारों से आधुनिक राइस मिलों और वैल्यू एडेड प्रोसेसिंग में निवेश बढ़ेगा, हजारों प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे, किसानों को बेहतर कीमत मिलेगी, विदेशी मुद्रा आय में वृद्धि होगी और ओडिशा वैश्विक चावल व्यापार में मजबूत पहचान बना सकेगा।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here