नई दिल्ली : पेट्रोलियम क्षेत्र ने उद्योग से जुड़े हितधारकों से अपील की है कि वे घरेलू उपयोग के लिए एथेनॉल को एक स्वच्छ कुकिंग फ्यूल के रूप में अपनाने की संभावनाओं पर काम करें। इसका उद्देश्य भारत की आयातित LPG पर निर्भरता कम करना और बायोफ्यूल इकोसिस्टम का विस्तार करना है। भारतीय पेट्रोलियम उद्योग संघ (FIPI) के डाउनस्ट्रीम निदेशक आर. एस. रवि ने ऑल इंडिया डिस्टिलर्स एसोसिएशन (AIDA) के सम्मेलन में यह प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि, एथेनॉल आधारित कुकिंग स्टोव पर व्यापक शोध चल रहा है। उन्होंने कहा कि, एलपीजी इक्विपमेंट रिसर्च सेंटर और विभिन्न भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IITs) जैसे संस्थानों में कुशल और एथेनॉल अनुकूल चूल्हे विकसित करने पर काम हो रहा है, और जल्द ही इनके प्रोटोटाइप तैयार होने की उम्मीद है।
रवि ने डिस्टिलरी उद्योग से इस पहल में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि, वे निर्माताओं के साथ मिलकर चूल्हों के बड़े पैमाने पर उत्पादन और ऐसी सप्लाई चेन विकसित करें, जिससे एथेनॉल सीधे घरों तक पहुंचाया जा सके।उन्होंने कहा, यह एक अलग तरह की व्यवस्था होगी। अभी आप तेल उद्योग को थोक में आपूर्ति कर रहे हैं, लेकिन इसमें बदलाव की जरूरत है। सप्लाई चेन कैसे विकसित होगी और किस रूप में एथेनॉल घरों तक पहुंचेगा, यह बेहद महत्वपूर्ण है उन्होंने AIDA से भी सुझाव देने को कहा कि, भारत में एथेनॉल को कुकिंग फ्यूल के रूप में कैसे व्यावहारिक बनाया जा सकता है।यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है जब भारत पहले ही पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण लागू कर चुका है। रवि ने इस उपलब्धि का श्रेय डिस्टिलरी उद्योग को देते हुए सरकार के उस हालिया नोटिफिकेशन का उल्लेख किया, जिसमें 1 अप्रैल 2026 से न्यूनतम 95 रिसर्च ऑक्टेन नंबर वाले E20 पेट्रोल की बिक्री अनिवार्य की गई है।
उच्च ऑक्टेन वाले E20 ईंधन से वाहनों की परफॉर्मेंस और दक्षता बेहतर होने की उम्मीद है, साथ ही कम ऑक्टेन मिश्रण से जुड़ी चिंताओं को भी दूर किया जा सकेगा। रवि ने एथेनॉल उद्योग से डीजल में मिश्रण के लिए आइसोब्यूटेनॉल के उत्पादन को तेज करने और एथेनॉल से सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) के विकास की दिशा में भी तैयारी करने को कहा, हालांकि उन्होंने जोर दिया कि कुकिंग फ्यूल पहल को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। शोध संस्थान पहले से ही एथेनॉल चूल्हों को एक स्वच्छ विकल्प के रूप में देख रहे हैं, जो विशेष रूप से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में एलपीजी का पूरक या आंशिक विकल्प बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि एथेनॉल को थोक औद्योगिक आपूर्ति से निकालकर घरेलू स्तर तक पहुंचाने के लिए नई लॉजिस्टिक्स व्यवस्था, उपयुक्त पैकेजिंग और मजबूत अंतिम चरण (लास्ट-माइल) डिलीवरी सिस्टम की जरूरत होगी।
भारत कच्चे तेल के आयात में कमी, विदेशी मुद्रा की बचत, उत्सर्जन में कमी और किसानों को समर्थन देने के लिए एथेनॉल ब्लेंडिंग को तेजी से बढ़ावा दे रहा है। कुकिंग फ्यूल के रूप में एथेनॉल का विस्तार मांग को और विविध बना सकता है और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत कर सकता है।रवि ने इस दिशा में तेल उद्योग और डिस्टिलरी क्षेत्र के बीच समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि एथेनॉल आधारित कुकिंग को देश में एक व्यवहारिक विकल्प बनाया जा सके।


















