ESY 2024-25 में OMCs का एथेनॉल खरीद बिल 74,000 करोड़ रुपये के पार, मक्का बना सबसे बड़ा फीडस्टॉक

नई दिल्ली: सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने एथेनॉल आपूर्ति वर्ष (ESY) 2024-25 के दौरान एथेनॉल की खरीद पर 74,004 करोड़ रुपये खर्च किए। यह राशि ESY 2020-21 में खर्च किए गए 17,705 करोड़ रुपये की तुलना में चार गुना से भी अधिक है। यह जानकारी केंद्र सरकार ने राज्यसभा में दी। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला के एक अतारांकित प्रश्न के लिखित उत्तर में इथेनॉल उत्पादन, खरीद और मूल्य निर्धारण से संबंधित आंकड़े साझा किए।

IOCL का सबसे बड़ा हिस्सा

ChiniMandi WhatsApp Channel

उद्योग स्तर के आधार पर भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, ESY 2024-25 में तीनों सार्वजनिक क्षेत्र की OMCs में सबसे अधिक खर्च इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने 31,983 करोड़ रुपये किया। इसके बाद BPCL ने 21,889 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने 20,132 करोड़ रुपये खर्च किए। वर्तमान ESY 2025-26 (30 जून 2026 तक) के दौरान तीनों OMCs का संयुक्त इथेनॉल खरीद खर्च 49,577 करोड़ रुपये रहा।

मक्का आधारित एथेनॉल बना सबसे बड़ा स्रोत

सरकार द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, एथेनॉल उत्पादन के लिए उपयोग होने वाले फीडस्टॉक (कच्चे माल) के स्वरूप में बड़ा बदलाव आया है। ESY 2021-22 तक लगभग नगण्य रहने वाला मक्का आधारित एथेनॉल, ESY 2024-25 में 498.49 करोड़ लीटर के साथ सबसे बड़ा फीडस्टॉक स्रोत बन गया। इसके मुकाबले गन्ने के रस, चीनी और शुगर सिरप से 165.31 करोड़ लीटर तथा बी-हेवी शीरे से 138.81 करोड़ लीटर एथेनॉल प्राप्त हुआ। सभी फीडस्टॉक स्रोतों से OMCs को प्राप्त कुल एथेनॉल की मात्रा ESY 2020-21 के 295.55 करोड़ लीटर से बढ़कर ESY 2024-25 में 1,040.08 करोड़ लीटर हो गई। हालांकि, ESY 2025-26 (30 जून 2026 तक) यह मात्रा 717.29 करोड़ लीटर रही।

एथेनॉल मूल्य निर्धारण

सरकार ने बताया कि, गन्ना आधारित एथेनॉल का एक्स-मिल मूल्य केंद्र सरकार तय करती है, जबकि अनाज आधारित एथेनॉल की कीमतें सार्वजनिक क्षेत्र की OMCs निर्धारित करती हैं। इसका उद्देश्य एथेनॉल को जीवाश्म ईंधन (फॉसिल फ्यूल) की तुलना में प्रतिस्पर्धी बनाए रखना है। सरकार द्वारा साझा मूल्य सूची के अनुसार, गन्ने के रस, चीनी और शुगर सिरप आधारित एथेनॉल की खरीद कीमत ESY 2023-24 से 65.61 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है, जबकि मक्का आधारित एथेनॉल की कीमत इसी अवधि में 71.86 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई।

निजी तेल कंपनियों की खरीद भी बढ़ी

निजी तेल विपणन कंपनियों में रिलायंस बीपी मोबिलिटी लिमिटेड की एथेनॉल खरीद 2020-21 के 2.58 करोड़ लीटर से बढ़कर 2025-26 (जून तक) में 36.34 करोड़ लीटर हो गई। इसी अवधि में नायरा एनर्जी लिमिटेड की खरीद 10.20 करोड़ लीटर से बढ़कर 36.50 करोड़ लीटर पहुंच गई।वहीं शेल इंडिया लिमिटेड की खरीद अपेक्षाकृत कम रही, जो 0.01 करोड़ लीटर से बढ़कर 1.62 करोड़ लीटर तक पहुंची।

Bioenergy Times

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here