इस्लामाबाद: पाकिस्तान की संघीय कैबिनेट ने चीनी क्षेत्र को नियंत्रणमुक्त करने की नीति को मंजूरी दे दी है। इसके तहत सरकार द्वारा नियंत्रित चीनी मूल्य व्यवस्था, निर्यात सब्सिडी और राज्यों के बीच चीनी की आवाजाही पर लगी पाबंदियां समाप्त की जाएंगी। यह कदम अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के कार्यक्रम के तहत लंबे समय से लंबित एक संरचनात्मक लक्ष्य को पूरा करने के लिए उठाया गया है। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को सर्कुलेशन के माध्यम से चीनी क्षेत्र के विनियमन-मुक्तिकरण की राष्ट्रीय नीति को मंजूरी दी गई। डॉन के मुताबिक, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने चीनी उद्योग में अपने परिवार के व्यावसायिक हितों के कारण इससे जुड़े फैसलों से खुद को अलग रखा।
बाजार तय करेगा गन्ने का मूल्य
नई नीति के तहत गन्ने की कीमत बाजार की मांग और आपूर्ति के आधार पर तय होगी। इससे किसानों को अपनी उपज अपनी पसंद के खरीदारों को बेचने की स्वतंत्रता मिलेगी।इसके अलावा गन्ने की खेती के लिए निर्धारित क्षेत्रों, नई चीनी मिलों की स्थापना और मिलों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए मंजूरी लेने संबंधी प्रतिबंध भी हटाए जाएंगे। चीनी मिलों को कच्चे माल के स्रोत चुनने और बाजार की परिस्थितियों के अनुसार उत्पादन संबंधी फैसले लेने की स्वतंत्रता होगी। सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य नियंत्रण व्यवस्था भी समाप्त कर दी जाएगी।
आयात-निर्यात नीति में बदलाव, सब्सिडी होगी खत्म
नई नीति में चीनी के आयात और निर्यात के लिए एक पूर्वानुमानित व्यवस्था लागू की जाएगी। निर्यात सब्सिडी समाप्त कर दी जाएगी और एक प्रांत से दूसरे प्रांत में चीनी की निर्बाध आवाजाही की अनुमति होगी। हालांकि, सरकार को बफर स्टॉक बनाए रखने का अधिकार रहेगा।किसानों के हितों की रक्षा के लिए नीति में तौल कांटों का स्वतंत्र एजेंसी से सत्यापन, गन्ने में सुक्रोज की मात्रा की जांच और गन्ने का भुगतान देरी से करने पर चीनी मिलों द्वारा ब्याज दिए जाने का प्रावधान किया गया है।इसके साथ ही किसानों के लिए ऋण की उपलब्धता बढ़ाने, कृषि मशीनीकरण को प्रोत्साहित करने और अनुसंधान कार्यों के लिए गन्ना उपकर (सेस) के अधिक प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया है।
आईएमएफ की समयसीमा से पहले मिली मंजूरी
इस नीति को मंजूरी देने से पहले 21 नवंबर को सिंध प्रांत की सरकार ने भी इसका समर्थन किया था। मसौदे को लेकर मतभेदों के कारण नीति को अंतिम रूप देने में देरी हुई थी।पाकिस्तान आईएमएफ के इस संरचनात्मक लक्ष्य को पूरा करने की मूल समयसीमा 30 जून 2026 से चूक गया था। अब 11 दिसंबर को प्रस्तावित आईएमएफ के कार्यकारी बोर्ड की बैठक से पहले इस नीति को मंजूरी देना आवश्यक था।


















