इस्लामाबाद: पाकिस्तान के सिंध प्रांत ने चीनी उद्योग को तुरंत नियंत्रणमुक्त (डिरेगुलेट) करने के केंद्र सरकार के प्रस्ताव का विरोध किया है। सिंध सरकार ने गन्ना क्षेत्र निर्धारण (क्रॉप जोनिंग) खत्म करने और नई चीनी मिलों पर लगी रोक हटाने के प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया है। इससे केंद्र सरकार की नई राष्ट्रीय शुगर नीति को लेकर स्थिति उलझती नजर आ रही है।सिंध कैबिनेट ने नई शुगर नीति के मसौदे पर कई आपत्तियां दर्ज कराते हुए कहा है कि, चीनी क्षेत्र का नियमन प्रांतीय अधिकार क्षेत्र का मामला है। राज्य सरकार का कहना है कि, कीमत तय करना, लाइसेंस देना, जोनिंग और निगरानी जैसे मामलों में प्रांतों की भूमिका बनी रहनी चाहिए।
सिंध सरकार ने साफ कहा कि, मौजूदा चीनी मिलें पहले ही अपनी क्षमता से कम उत्पादन कर रही हैं, इसलिए नई मिलों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता बुलंद खान जुनेजो ने कहा कि, सिंध पूरी तरह डिरेगुलेशन के खिलाफ नहीं है, लेकिन इसे चरणबद्ध तरीके से 5 से 10 साल में लागू किया जा सकता है। उनका कहना है कि, अचानक नियंत्रण हटाने से किसानों का नुकसान होगा, खासकर तब जब गन्ने का उत्पादन अधिक हो।
किसानों के प्रतिनिधियों ने भी इस नीति पर सवाल उठाए हैं। पाकिस्तान किसान काउंसिल के अध्यक्ष ताहिर रजाक गुज्जर ने कहा कि, नई चीनी मिलें किसानों के हित में हो सकती हैं, लेकिन क्रॉप जोनिंग खत्म करने से खाद्य सुरक्षा प्रभावित हो सकती है और किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।सिंध सरकार ने सुझाव दिया कि, चीनी निर्यात का फैसला प्रांतों के हाथ में होना चाहिए। वहीं यदि देश में चीनी की कमी होती है और आयात की जरूरत पड़ती है, तो उसका खर्च केंद्र सरकार उठाए।
इसके अलावा सिंध ने शुगर फैक्ट्रीज कंट्रोल एक्ट को जारी रखने और उसे और मजबूत बनाने की सिफारिश की है। सरकार का कहना है कि किसानों की सुरक्षा के लिए आयात शुल्क और नियामक टैक्स भी बरकरार रहने चाहिए, ताकि सब्सिडी वाले आयात से स्थानीय गन्ना उत्पादकों को नुकसान न पहुंचे।पाकिस्तान में चीनी उद्योग की कुल वैल्यू लगभग 1.1 ट्रिलियन रुपये आंकी जाती है। देश में हर साल करीब 61.3 लाख टन चीनी का उत्पादन होता है और यहां कुल 79 चीनी मिलें संचालित हैं। अब यह देखना अहम होगा कि केंद्र सरकार सिंध की आपत्तियों को मानती है या IMF से किए गए वादे के तहत जून 2026 तक नई शुगर नीति लागू करती है।

















