लाहौर: लाहौर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (LCCI) के अध्यक्ष फहीम-उर-रहमान सहगल ने कहा कि, अधिशेष चीनी के निर्यात से पाकिस्तान का व्यापार घाटा कम किया जा सकता है। उन्होंने इसे खाद्य सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने चीनी उद्योग के इस पक्ष का समर्थन किया कि घरेलू जरूरतें पूरी करने के बाद बची हुई चीनी का निर्यात किया जाना चाहिए। यह जानकारी पाकिस्तान शुगर मिल्स एसोसिएशन (PSMA) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।उन्होंने कहा कि, खाड़ी देशों की वर्तमान स्थिति को देखते हुए पाकिस्तान को अपने निर्यात बढ़ाने चाहिए, क्योंकि वहां खाद्य वस्तुओं की भारी मांग है और ये देश अपनी जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर हैं।
सहगल ने जोर देते हुए कहा कि, सरकार को घरेलू खपत से अधिक चीनी के निर्यात को प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि देश के लिए मूल्यवान विदेशी मुद्रा अर्जित की जा सके। उन्होंने बताया कि, इस साल देश में गन्ने की बंपर फसल हुई है और चीनी को लंबे समय तक स्टॉक में रखना संभव नहीं है। इसके अलावा, पाकिस्तान का व्यापार घाटा भी तेजी से बढ़ा है। आंकड़ों के अनुसार, निर्यात में 8% की गिरावट आई है, जबकि आयात 6.5% बढ़ा है। ऐसी स्थिति में, व्यापार घाटा कम करने के लिए घरेलू जरूरतों को पूरा करने के बाद अधिशेष चीनी का निर्यात जरूरी है।


















